डाबी बहनों का कमाल: जानिए टीना और रिया की सफलता की कहानी, कैसे यूपीएससी में बनाया दबदबा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपीएससी फाइनल परीक्षा का परिणाम आने के बाद कई अभ्यर्थियों की मेहनत रंग लाई। परीक्षा में कुल 761 उम्मीदवारों का चयन हुआ, जिसमें से 216 देश की होनहार बेटियां हैं। भावी आईएएस बेटियों में पहले स्थान पर भोपाल की जागृति अवस्थी का नाम है। लेकिन यूपीएससी का रिजल्ट आने के बाद भोपाल की दो और बेटियां चर्चा में हैं। दरअसल, यूपीएससी 2020 परीक्षा में रिया डाबी की 15वीं रैंक आई है। रिया डाबी कोई और नहीं बल्कि टीना डाबी की बहन हैं। टीना डाबी 2015 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा टॉप करने वाली आईएएस अधिकारी हैं। अब रिया डाबी ने भी सिविल सेवा की परीक्षा में अपना स्थान बना कर आईएएस बनने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा दिया है। दो सगी बहनों का यूपीएससी परीक्षा में दबदबा होना कोई मामूली बात नहीं। चलिए जानते हैं कि यूपीएससी परीक्षा 2015 में टॉप करने वाली टीना डाबी और इस साल एआईआर 15 में अपना स्थान बनाने वाली रिया डाबी के बारे में।
रिया डाबी कौन हैं
यूपीएससी परीक्षा परिणाम आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा में रिया डाबी हैं। रिया डाबी ने इसी साल जनवरी में लिखित परीक्षा पास की और अगस्त-सितंबर में पर्सनालिटी टेस्ट क्वालीफाई करके यूपीएससी आल इंडिया रैंक 15 हासिल की है। रिया डाबी का जन्म 27 अगस्त 1998 को भोपाल, मध्य प्रदेश में हुआ था। बाद में उनके पिता दिल्ली शिफ्ट हो गए। रिया वर्तमान में दिल्ली में रह रही हैं। रिया की शिक्षा दिल्ली के कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से हुई है। इसके बाद रिया ने लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। रिया डाबी की सफलता इस वजह से अधिक सुर्खियों में हैं क्योंकि उनकी बहन टीना डाबी भी आईएएस अधिकारी हैं और साल 2015 में यूपीएससी की टॉपर रही हैं। जब टीना डाबी ने टॉप किया था तो रिया ने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी और वह तभी से यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं।
टीना डाबी कौन हैं
टीना डाबी ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015 में पहला स्थान हासिल किया था। टीना डाबी का जन्म भोपाल में 9 नवंबर 1993 को हुआ था। टीना के पिता का नाम जसवंत डाबी है जो दूरसंचार विभाग में कार्यरत थे। वहीं उनकी माँ का नाम हिमानी डाबी है। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद टीना डाबी ने दिल्ली के लेडी श्री राम कॉलेज फॉर वूमेन से राजनीति शास्त्र में स्नातक किया। उन्होंने यूपीएससी की तैयारी की और पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया टॉपर बनी।
टीना डाबी से जुड़ा विवाद
टीना डाबी उस समय फिर चर्चा में आईं जब उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में दूसरी रैंक हासिल करने वाले कश्मीर के अतहर खान से प्रेम विवाह किया। टीना और अहतर अपनी आईएएस की ट्रेनिंग के दौरान करीब आये थे और साल 2018 में दोनों ने शादी कर ली। हालांकि उनका रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिका और 2021 में टीना डाबी और अतहर खान ने तलाक ले लिया। जयपुर की एक फैमिली कोर्ट ने इस आईएएस कपल के तलाक की अर्जी को मंजूरी दे दी। टीना डाबी वर्तमान में राजस्थान में आईएएस है।

कमेंट
कमेंट X