आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
मेरठ में बेटी को परेशान कर रहे युवकों का विरोध किया तो दरोगा को पीटा
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र में गुरुवार को कार सवार दो युवकों ने अराजकता की हदें पार कर दीं। पहले तो उन्होंने बाइक पर दरोगा के साथ जा रही बेटी का पीछा करते हुए उसे परेशान किया। बाद में पिता के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पिता काफी देर तक उनसे भिड़ता रहा। बाद में पुलिस ने पहुंचकर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
मेरठ में हुक्का बार पर पुलिस का छापा, नशे में मदहोश मिले युवक-युवतियां
मेरठ की सदर बाजार पुलिस ने आबूलेन में सर्कुलर रोड पर कैफे एंड रेस्टोरेंट में छापा मारा। यहां हुक्का बार चल रहा था। हुक्का बार में नशीले कश लगाने के लिए युवक-युवतियों को यहां बुलाया जा रहा था। छापा लगते ही कैफे में खलबली मच गई। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक, एक युवती सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
साध्वी प्राची का बड़ा बयान: बोलीं- मस्जिदों से उतारे जाएं लाउडस्पीकर
साध्वी प्रार्ची ने एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है। बुधवार रात को बागपत पहुंचीं साध्वी प्राची ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इलाहाबाद में चल रहे लाउडस्पीकर प्रकरण पर कहा कि यह बात जायज है। मस्जिदों में नमाज होनी चाहिए, लेकिन इन पर जो लाउडस्पीकर बजते हैं, उन पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
बिजनौर में किसानों का 550 करोड़ का कर्ज हुआ माफ, 89 हजार से ज्यादा कृषकों को हुआ लाभ
प्रदेश में भाजपा की सरकार बने चार साल हो गए हैं। चार साल में किसानों के गन्ना भुगतान से लेकर उनके कर्ज माफी तक के लिए काफी काम किया गया है। प्रदेश सरकार ने बिजनौर में 89 हजार से अधिक किसानों का 550 करोड़ से भी अधिक का कर्ज माफ किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों का ऋण माफ करने के लिए फसली ऋण मोचन योजना शुरू की थी। योजना में सरकार ने दो हेक्टेयर जमीन वाले किसानों को योजना में शामिल किया था। शासनादेश के अनुसार 31 मार्च 2016 से पहले ऋण लेने वाले व 31 मार्च 2017 तक ऋण जमा न करने वाले किसानों के कर्ज से कुल एक लाख रुपये तक की राशि माफ करने की घोषणा की गई।
नरेश टिकैत बोले- हठधर्मिता के सामने नहीं झुकेंगे किसान, मांगें पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा धरना
बागपत में दोघट थानाक्षेत्र के भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के सामने किसान नहीं झुकेंगे। किसान कृषि कानून वापस होने पर ही घर लौटेंगे। सरकार चाहे कितना ही तानाशाही पूर्ण रवैया किसानों के प्रति अपना ले। तमेलागढ़ी गांव में बृहस्पतिवार पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों के प्रति तानाशाही रवैया अपना रही है। सरकार किसानों की बर्बादी के लिए तीनों काले कृषि कानून लाई है। सरकार को भी पता है कि ये कानून किसान विरोधी हैं परंतु चंद उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता के हितों की अनदेखी कर रही है।
बागपत में दिल्ली के युवक की हत्या
बागपत के मीतली गांव में दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र के युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी घर का ताला लगाकर फरार हो गया है। चार दिन पूर्व दिल्ली से अपने साथ बाइक पर लेकर आए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सीसीएसयू में प्राइवेट, मुख्य और सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि कल
सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में सेमेस्टर के ट्रेडिशनल-प्रोफेशनल एवं वार्षिक में प्राइवेट और मुख्य परीक्षा के फॉर्म भरने की 20 मार्च को अंतिम तिथि है। इसके बाद किसी भी छात्र को मौका नहीं मिलेगा। पोर्टल बंद हो जाएगा। कैंपस-कॉलेजों में सेमेस्टर की ट्रेडिशनल और प्रोफेशनल कोर्सों की परीक्षाएं 22 मार्च और 26 मार्च से शुरू हो रही हैं। इनमें 70 हजार से अधिक फॉर्म भरे जा चुके हैं।
... Read More