सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
नहीं रहे दारुल उलूम के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना नूर आलम, दुनिया के इस्लामिक जगत में था बड़ा नाम
इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम के वरिष्ठ उस्ताद व अरबी भाषा के बड़े विद्वान मौलाना नूर आलम खलील अमीनी का लंबी बीमारी के बाद इंतकाल हो गया। वे 70 वर्ष के थे। उनके इंतकाल की खबर से इस्लामिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। देश ही नहीं दुनिया भर में मौलाना अमीनी के हजारों शागिर्द हैं। मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मौलाना नूर आलम खलील अमीनी दारुल उलूम में वरिष्ठ उस्ताद होने के साथ-साथ अरबी के बड़े विद्वानों में शामिल थे। वे पिछले काफी दिनों से बीमार थे।
मेरठ : न्यूटीमा अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से पांच मरीजों की मौत, जमकर हंगामा, तोड़फोड़
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र के न्यूटीमा हॉस्पिटल में रविवार को कोरोना के पांच मरीज़ों की मौत हो गई। दो मरीज़ों के परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने और इलाज में लापरवाही से मौत हुई हैं। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी।अफरा-तफरी के बीच कई थानों की फ़ोर्स मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाने का प्रयास किया। चार घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस के सामने ही परिजन हंगामा करते रहे। आलम यह रहा कि सीएमओ को भी मौके पर पहुंचना पड़ा।
पश्चिमी यूपी में मतगणना जारी, शाम तक साफ होगी तस्वीर
पश्चिमी यूपी के छह जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना जारी है। मेरठ समेत छह जिलों में प्रधान और बीडीसी के लगभग सभा परिणाम आ चुके हैं। वहीं जिला पंचायत की मतगणना जारी है। कई सीटों पर भाजपा-सपा और बसपा में कांटे की टक्कर चल रही है।
अंतिम यात्रा वाहन में कम डीजल डालने को लेकर हंगामा, मारपीट
मेरठ में ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर अंतिम यात्रा वाहन में डीजल कम डालने को लेकर हंगामा हो गया। नौबत मारपीट तक पहुंच गया। सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। काफी देर गहमा-गहमी होती रही। बाद में माफी मांगने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
सहारनपुर में जीत का जश्न, कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के एक गांव कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर बड़ी कार्रवाई की गई है। बताया गया कि गागलहेड़ी थाना के ग्राम पंचायत हरोडा मुस्तकम के निर्वाचित ग्राम प्रधान सुलेमान अपने समर्थको के साथ जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान समर्थकों ने भी जमकर नारेबाजी की और कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन किया। ग्राम प्रधान सुलेमान सहित उनके समर्थकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रधान और उसके समर्थकों की गिरफ्तारी को लेकर गांव दबिश दी जा रही है।
मेरठ में ऑक्सीजन की कमी से शिक्षिका की मौत
मेरठ के दौराला में मटौर के श्री मल्हू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज की शिक्षिका रजनी की कोरोना ने जान ले ली। उनकी मौत पर कॉलेज की प्रधानाचार्या ने मार्मिक पोस्ट डालकर सभी को झकझोर दिया। प्रधानाचार्या एवं नीरा फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. नीरा तोमर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली। कहा कि वह आपातकाल में सभी की सहायता करती हैं और कभी विपरीत परिस्थितियों में पीछे नहीं हटती। पिछले वर्ष कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने अपने खर्च से मॉस्क बांटे तो बेटियों को निशुल्क पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई। मिशन शक्ति अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की सहायता कर लोगों को जागरूक किया। लेकिन रविवार को वह अपनी एक शिक्षिका को वेंटिलेटर उपलब्ध कराने के लिए सभी से गुहार लगाती रही। उनके कॉलेज में पढ़ाने वाली शिक्षिका रजनी को ऑक्सीजन की कमी हो गई थी। गुहार के बावजूद मेरठ के किसी भी अस्पताल से उन्हें कोई सहायता नहीं मिली।
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में 30 मई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित
मेरठ सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में 30 मई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। इससे पहले 15 मई तक शासन ने सभी संस्थानों को बंद करने के निर्देश दिए थे। रविवार को कुलपति प्रो. एनके तनेजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों-कॉलेजों को 15 मई तक पूरी तरह से बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान कैंपस में होने वाले सभी कार्य भी बंद करने को कहा गया था। विवि की परीक्षाएं भी पहले ही स्थगित की जा चुकी हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए कई राज्यों में ग्रीष्मकालीन अवकाश भी घोषित कर दिया गया था।
... Read More