ब्राजील के महान फुटबाल खिलाड़ी पेले तीसरी बार शादी रचाने जा रहे हैं। विश्व के महानतम फुटबाल खिलाड़ी में शुमार पेले मंगलवार को अपनी साथी मार्सिया चेबेले के साथ विवाह सूत्र में बंधेंगे।
मार्सिया उम्र में पेले से 33 साल छोटी हैं। पेले की उम्र 75 साल है जबकि मार्सिया 42 साल की है। पेले और मार्सिया पिछले छह साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।
इन दोनों की पहली मुलाकात 1980 में एक कार्यक्रम के दौरान न्यूयार्क में हुई थी लेकिन दोनों के बीच डेटिंग 2010 में शुरु हुई। जापानी मूल की मार्सिया ब्राजील में बिजनेस करती है और अब वो वहीं रहती हैं।
पेले की पहली शादी रोसमेरी चोलबी के साथ हुई थी और इनसे उनके तीन बच्चे हैं। पेले की दूसरी शादी अभिनेत्री एसिरिया नासीमेंटो से हुई थी और उनसे उनके दो बच्चे हुए।
दुनिया के महानतम फुटबाल खिलाड़ी में शुमार पेले ने अपने देश ब्राजील को 3 बार वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभायी है। पेले ने ब्राजील के लिए कुल 91 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 91 गोल किए।