दुनिया में ऐसे लोग कम ही होंगे जो खुद कहें मैं सर्वश्रेष्ठ हूं और दुनिया भी सर झुकाकर उनकी बात माने, ऐसे थे मोहम्मद अली। जिन्हें आज दुनिया ने अंतिम विदाई दी।
अपने असली नाम कैसियस क्ले के बजाय मुहम्मद अली के नाम से प्रसिद्ध हुए महान मुक्केबाज का निधन बीते 3 जून को हो गया था।
मुहम्मद अली का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर केंटकी के लुईविले में हुआ। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर स्पोर्ट्स सेंटर में आयोजित मेमोरियल सर्विस में रखा गया था।
जहां हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके बाद महान मुक्केबाज का जनाजा उन स्थानों से होकर निकाला गया जहां उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण पल बिताए थे।
इस दौरान अली के जनाजे में भाग लेने और उनके अंतिम दर्शनों के लिए लोगों में जबरदस्त धक्कामुक्की हुई। हर कोई अपने हीरो की आखिरी झलक देखने को बेताब था।