जामताड़ा के साइबर ठगों का नया पैंतरा, प्रेत का डर दिखा 7,200 रुपये में बेच रहे जिन्न

नेटफ्लिक्स पर जामताड़ा नाम से एक वेब सीरीज आई थी जिसे आप में से कई लोगों ने देखा होगा। यदि यह कहा जाए कि भारत में साइबर ठगों का सबसे बड़ा अड्डा झारखंड का जामताड़ा ही है तो गलत नहीं होगा। देशभर में होने वाली अधिकतर साइबर ठगी जामताड़ा से ही होती है। अभी कुछ दिन पहले ही जामताड़ा साइबर थाना की पुलिस ने छापामारी अभियान के तहत 20 मोबाइल औ 32 सिम कार्ड 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब जामताड़ा के ठगों ने ठगी के लिए नया तरीका निकाला है और यह है जिन्न बेचना। इसके अलावा जामताड़ा में ठगों की भी भर्तियां हो रही हैं।

झारखंड के जामताड़ा में इन दिनों साइबर ठगों ने भूत-प्रेत और धन कमाने का लालच देकर लोगों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। साइबर ठग 72 सौ रुपये में जिन्न बेच रहे हैं। लोगों को यह कहकर झांसे में ले रहे कि जिन्न को खुश करके आप शीघ्र ही धनवान बन सकते हैं। 72 सौ रुपये बिक रहे जिन्न का नाम सिलफान है। सिलफान जिन्न की दुनिया में आने का रजिस्ट्रेशन है यानी 72 सौ रुपये देकर जिन्न की दुनिया में सिलफान के जरिए व्यक्ति का प्रवेश हो पाता है। उसके बाद वहां से शुरू होता है ठगी का बड़ा खेल। लोगों को वीडियो भेजकर रुपयों के बंडल और सोने से भरा बैग दिखाते हैं। शिकार से कहा जाता है कि यह सब सिलफान जिन्न के हैं जो आपके होंगे।

रुपयों से भरे बैग का वीडियो भेजते हैं: दूसरी प्रक्रिया में बताया जाता है कि सिलफान जिन्न को रुपये के लिए नकारा जिन्न के पास जाना है और उसके लिए तंत्र-मंत्र करना है। इसके लिए भी रुपये मांगे जाते हैं। शिकार व्यक्ति रुपयों के लालच में जिन्न के लिए दिए गए बैंक अकाउंट में रुपये भेजता रहता है इस बीच यकीन दिलाने के लिए ठगों का गिरोह ऐसे वीडियो भेजता है जिसमें रुपयों की बारिश उसके बंडल को बोरों में भरते, जिन्न के घर में रुपयों के ढेर पर बैठे सांप को दिखाया जाता है।