टीकाकरण: कैसे होगा रजिस्ट्रेशन, कहां लगेगा टीका और कैसे डाउनलोड करें सर्टिफिकेट

देश में कोरोना के कहर के बीच राहत की खबर आ रही है। दरअसल केंद्र सरकार ने कहा है कि 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को अब टीका लगेगा। पीएम मोदी की एक बैठक के बाद यह अहम फैसला लिया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल से सरकार पूरी जोर लगा रही है कि देश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगे।
इसकी कीमत पर भी जल्द आएगा फैसला
18 से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन के लिए कीमत चुकानी होगी या नहीं इसपर सरकार जल्द से जल्द फैसला सुनाएगी। बता दें कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने यह मांग की थी कि कोरोना वैक्सीन की तय उम्र सीमा को कम किया जाए।
1 मई से खुले बाजार में भी उपलब्ध होगी
वैक्सीन निर्माता अपनी मासिक आपूर्ति की 50 फीसदी सरकार को जारी करेंगे और शेष 50 फीसदी राज्य सरकार को आपूर्ति करने के लिए स्वतंत्र होगा। सबसे बड़ी जानकारी यह है कि वैक्सीन 1 मई से खुले बाजार में भी उपलब्ध होगी।

किस एप से करना होगा रजिस्ट्रेशन
आपको बता दें कि कोरोना टीकाकरण के रजिस्ट्रेशन के लिए फिलहाल कोई एप नहीं है। एप को लेकर लोगों में काफी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। आपको किसी कंप्यूटर या मोबाइल ब्राउजर के जरिए ही www.cowin.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल नंबर और आधार, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान पत्र की जरूरत होगी।

www.cowin.gov.in पर मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन करने के बाद आपके फोन पर एक ओटीपी आएगा जिसे वेरिफाई करने के बाद आपका कोरोना टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। CoWIN पर रजिस्ट्रेशन के बाद आपको मैसेज के जरिए पूरी जानकारी मिलेगी। इस मैसेज को संभालकर रखें। इसमें एक रेफ्रेंस आईडी भी मिलेगी।