बड़े धमाके की तैयारी में जियो, 399 रुपये में लॉन्च हो सकता है Jio Phone Lite

जियो ने साल 2017 में दुनिया का पहला 4जी नेटवर्क सपोर्ट वाला फीचर फोन जियो फोन लॉन्च करके पूरी दुनिया को चौंका दिया था। Jio Phone की अपार सफलता के बाद रिलायंस जियो ने जियो फोन 2 को लॉन्च किया था जो कि काफी हद तक देखने में ब्लैकबेरी फोन जैसा था, वहीं अब खबर है कि रिलायंस, Jio Phone Lite की लॉन्चिंग की तैयारी में है।

अंग्रेजी टेक वेबसाइट ट्रैक.इन की रिपोर्ट में दावा किया गया है रिलायंस जियो, जियो फोन लाइट (Jio Phone Lite) की लॉन्चिंग की तैयारी कर रही है। Jio Phone Lite की कीमत 399 रुपये के करीब हो सकती है। बता दें कि ट्रैक.इन से पहले 91मोबाइल ने भी अपनी रिपोर्ट में जियो फोन लाइट का दावा किया था।

इस वेबसाइट ने अपने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि जियो फोन लाइट को लेकर कंपनी काफी गंभीर है और फोन की लॉन्चिंग को लेकर तेजी से काम चल रहा है। कहा जा रहा है कि जियो फोन लाइट को कुछ ऑफर्स के साथ पेश किया जाएगा जिसमें ग्राहकों को कॉलिंग और मैसैजिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। जियो फोन लाइट में इंटरनेट नहीं चलाया जा सकेगा।