Boult Zigbuds Review: क्या 2,000 रुपये में यह एक बेस्ट ईयरबड्स है?

प्रीमियम ऑडियो प्रोडक्ट निर्माता कंपनी Boult Audio ने पिछले महीने ही भारतीय बाजार में अपना एक नया वायरलेस ईयरबड्स लॉन्च किया है जिसे Zigbuds नाम दिया गया है। इसका लुक प्रीमियम है और इसमें एलईडी लाइट दी गई है। Boult Zigbuds की बिक्री एक्सक्लूसिव तौर पर अमेजन इंडिया से 1,899 रुपये की कीमत पर हो रही है, हालांकि इसकी लॉन्चिंग 2,499 रुपये में हुई थी। कंपनी का दावा है कि Boult Zigbuds के साथ आपको बेस्ट ऑडियो क्वालिटी और बास मिलेगा। वाटर रेसिस्टेंट के लिए इस बड्स को IPX7 की रेटिंग मिली है और इसकी फ्रीक्वेंसी 2402mhz-2480mhz है। Boult Zigbuds को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू जानते हैं...

Boult Zigbuds Review: स्पेसिफिकेशन
Boult Zigbuds में 10एमएम के नीयोडायनेमिक ड्राइवर का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा Boult Zigbuds में लिथियम आयन बैटरी दी गई है। केस के साथ बैटरी को लेकर 18 घंटे के प्लेबैक का दावा किया गया है। इसमें फोन पर बात करने के लिए माइक भी दिया गया है। इसकी ट्रांसमिशन रेंज 20 मीटर है जो कि आमतौर पर 10 मीटर की होती है। यह ईयरबड्स व्हाइट ग्रे, ब्लैक ग्रे और रेड कलर वेरियंट में उपलब्ध है। इसमें ब्लूटूथ 4.2 और एपल सिरी और गूगल असिस्टेंट का भी सपोर्ट है। इस ईयरबड्स के साथ एक साल की वारंटी मिल रही है। वाटरप्रूफ के लिए इसे IPX7 की रेटिंग मिली है।

Boult Zigbuds Review: डिजाइन
Boult Zigbuds की डिजाइन अच्छी है और फिनिशिंग के साथ बिल्ड क्वालिटी पर भी कंपनी ने ध्यान दिया है। बिल्ड क्वालिटी बढ़िया होने के साथ ही फिटिंग अच्छी है। इसे इस्तेमाल करते हुए तेजी से वॉक किया जा सकता है। बड्स कानों से गिरेगा नहीं। केस के साथ इस ईयरबड्स का वजन 90 ग्राम और प्रत्येक बड्स का वजन 7.5 ग्राम है। Boult Zigbuds को लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। केस में चार्जिंग के लिए माइक्रो यूएसबी पोर्ट है जो कि पीछे की ओर है। केस और बड्स पर सिलिकॉन कोटिंग है जिससे यह फिसलता नहीं है। एलईडी इंडिकेटर बड्स और चार्जिंग केस दोनों में है। तो कुल मिलाकर कहें तो डिजाइन से हमें कोई शिकायत नहीं है।