Samsung Galaxy Tab A7 Review: आपकी जरूरतों को कहां तक पूरा करता है यह टैब?
Samsung Galaxy Tab A7 की शुरुआती कीमत 16,990 रुपये है7040mAh की बैटरी से लैस है टैबडॉल्बी एटमॉस के साथ चार स्पीकर्स हैं

विस्तार
भारतीय टैबलेट मार्केट में महज दो-तीन प्रमुख कंपनियां ही हैं जिनमें सैमसंग, हुवावे और एपल शामिल हैं। सैमसंग के टैबलेट पहले काफी महंगे होते थे लेकिन कुछ दिन पहले ही सैमसंग ने गैलेक्सी टैब ए7 (Samsung Galaxy Tab A7) को बाजार में उतारा है जो कि एक बजट टैब है। सैमसंग के इस टैब में 10.4 इंच की डिस्प्ले दी गई है और इसे तीन कलर वेरियंट में बाजार में लॉन्च किया गया है। Galaxy Tab A7 को ऐसे यूजर्स को ध्यान में रखकर लॉन्च किया गया है जिन्हें बजट में दमदार बैटरी और शानदार परफॉर्मेंस वाले टैब की तलाश है। Galaxy Tab A7 को हमने एक महीने तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू में जानते हैं कि कंपनी Galaxy Tab A7 के साथ उम्मीदों पर खरा उतरती है या नहीं...
Samsung Galaxy Tab A7 Review: कीमत
सैमसंग के इस टैब की कीमत 16,999 रुपये है जो कि सिर्फ वाई-फाई वेरियंट के लिए है। वहीं एलटीई वेरियंट की कीमत 21,999 रुपये है। यह टैब डार्क ग्रे, गोल्ड और सिल्वर कलर वेरियंट में मिलेगा। यदि आप इस टैब को सैमसंग के ऑनलाइन स्टोर से खरीदते हैं और एसबीआई कार्ड से पेमेंट करते हैं तो 1,500 रुपये का कैशबैक भी मिल रहा है। इस टैब के साथ इसके बुक कवर को 3,749 रुपये में खरीदा जा सकता है। टैब के साथ बॉक्स में आपको यूएसबी टाईप-सी केबल और एडाप्टर मिलेगा।

Samsung Galaxy Tab A7 Review: डिजाइन
सैमसंग गैलेक्सी टैब ए7 की डिजाइन काफी हद तक Samsung Galaxy Tab S6 की तरह है। Galaxy Tab A7 में चार स्पीकर दिए हैं। Galaxy Tab A7 की डिजाइन के साथ एक बड़ा बदलाव फ्रंट कैमरे की जगह को लेकर हुआ है। आमतौर पर सैमसंग के टैब में फ्रंट कैमरे को डिस्प्ले के सबसे ऊपर जगह मिलती थी लेकिन Galaxy Tab A7 में फ्रंट कैमरे को राइट साइड में सेंटर में जगह मिली है। लैंडस्केप मोड में ऑनलाइन क्लास और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आसानी के लिए यह बदलाव किया गया है।

बैक पैनल पर लेफ्ट कोने में रियर कैमरा है जिसके साथ फ्लैश लाइट नहीं दी गई है। पावर और वॉल्यूम बटन राइट में ऊपर की ओर और सिम कार्ड/मेमोरी ट्रे को लेफ्ट में नीचे की ओर जगह मिली है। इस टैब की बॉडी सॉलिड मेटल की है जो कि एल्यूमीनियम है। मेटल बॉडी होने के बाद भी ग्रिपिंग अच्छी बनती है। इस टैब में चार्जिंग के लिए यूएसबी टाईप-सी पोर्ट है। टैब में 3.5एमएम का हेडफोन जैक भी है जो कि लेफ्ट में नीचे की ओर एकदम कोने में है। गैलेक्सी टैब ए7 का वजन 476 ग्राम है।

Samsung Galaxy Tab A7 Review: डिस्प्ले

Galaxy Tab A7 में 10.4 इंच की WUXGA+ टीएफटी डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 2000x1200 पिक्सल है। डिस्प्ले के साथ काफी बेजल मिलता है जिसकी उम्मीद सैमसंग से नहीं थी, क्योंकि बिना बेजल और शानदार डिस्प्ले के लिए सैमसंग को जाना जाता है। डिस्प्ले के साथ ऑटो बाइटनेस मिलता है तो लेकिन कई बार कम रौशनी में डिस्प्ले की ब्राइटनेस हद से ज्यादा कम हो जाती है। ऑटो ब्राइटनेस होने के बाद भी ब्राइटनेस को बढ़ाना पड़ता है।

गैलेक्सी टैब ए7 की डिस्प्ले के साथ कलर अच्छे मिलते हैं। रिव्यू के दौरान वीडियो देखने और गेमिंग का एक्सपेरियंस संतोषजनक रहा। डिस्प्ले के साथ एचडीआर का सपोर्ट नहीं मिलता है और वैसे भी इस कीमत में एचडीआर की उम्मीद भी बेकार है। यूट्यूब पर आप 60 फ्रेम प्रति सेकेंड की दर से 1080 पिक्सल पर वीडियो देख सकते हैं। डिस्प्ले की ब्राइटनेस महज 329 निट्स है। ऐसे में इसे एक ब्राइटेस्ट टैब नहीं कहा जा सकता।

Samsung Galaxy Tab A7 Review: हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर
Galaxy Tab A7 में एंड्रॉयड 10 आधारित One UI 2.5 दिया गया है। इसके अलावा इसमें इस टैब में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 662 प्रोसेसर दिया गया है। इसके अलावा इसमें 3 जीबी रैम के साथ 32 जीबी की स्टोरेज है जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। इस टैब में आपको क्विक शेयर, सैमसंग किड्स, नियरबाय शेयर, पावरमोड, ब्लू लाइट फ्लिटर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। लॉक के लिए इसमें आपको फेस अनलॉक और पैटर्न लॉक मिलता है। फेस अनलॉक फास्ट तो नहीं लेकिन ठीक-ठाक है। अंधेरे में आपको पैटर्न लॉक का इस्तेमाल करना होगा। इसमें डबल टैप वेकअप है यानी आप स्क्रीन पर दो बार टैप करके स्क्रीन को ऑन कर सकते हैं।
Samsung Galaxy Tab A7 Review: कैमरा

कैमरे की बात करें तो इसमें 8 मेगापिक्सल का रियर कैमरा है जो फुल एचडी वीडियो रिकॉर्ड करने में सक्षम है। वहीं फ्रंट में 5 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। कैमरे के साथ सिंगल टेक, लाइव फोकस, वाइड एंगल, पैनोरमा, हाइपरलैप्स, सीन ऑप्टिमाइजर और ऑटो एचडीआर जैसे फीचर्स मिलते हैं। रियर और फ्रंट दोनों कैमरे से आप फुल एचडी वीडियो शूट कर सकते हैं, हालांकि फ्रंट कैमरे के मामले में सैमसंग ने इस टैब के साथ न्याय नहीं किया है। कोरोना काल में ऑनलाइन क्लासेज ही बच्चों के लिए एकमात्र सहारा है।

ऐसे में यदि कोई टैबलेट खरीदता है तो बेहतर फ्रंट कैमरे की उम्मीद जरूर करेगा। फ्रंट कैमरे के साथ ग्रुप मोड भी मिलता है। गैलेक्सी टैब ए7 का फ्रंट कैमरा औसत कहा जाएगा। रियर कैमरा ठीक-ठाक है। दोनों कैमरे से क्लिक की गई फोटोज काफी न्वाइज के साथ आती हैं। रात में या कम रौशनी में इस टैब के कैमरे का इस्तेमाल करना बेकार है। तो कुल मिलाकर कहें तो कैमरे के मामले में Galaxy Tab A7 ने हमें निराश किया है।


Samsung Galaxy Tab A7 Review: परफॉर्मेंस
अब जहां परफॉर्मेंस की बात है तो यदि वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए गैलेक्सी टैब ए7 परफेक्ट है। एक एप से दूसरे में स्विच करने पर हैंग होने या अटकने की कोई समस्या है। सैमसंग ने अपने इनहाउस एक्सिनॉज चिपसेट की बजाय इस टैब में स्नैपड्रैगन 662 का इस्तेमाल किया है जो कि एक अच्छी पहल है। Antutu बेंचमार्क पर Galaxy Tab A7 का स्कोर 161099 रहा। गेमिंग में ग्राफिक्स को लेकर कोई समस्या नहीं है। कॉल ऑफ ड्यूटी को आप हाई रेट पर खेल सकते हैं।

रिव्यू के दौरान गेमिंग का अनुभव स्मूथ रहा। बेहतर गेमिंग एक्सपेरियंस के लिए सैमसंग ने इसमें गेम लॉन्चर दिया है। टच और रिस्पॉन्स रेट बेहतरीन है। यदि आप इंटरटेनमेंट के लिए इस टैब को खरीद रहे हैं तो यह आपके लिए बेस्ट है। इसमें डॉल्बी एटमॉस के साथ चार स्पीकर्स मिलते हैं। टैब की साउंड क्वालिटी अच्छी है। इस टैब के साथ कॉलिंग और मोबाइल इंटरनेट का अनुभव अच्छा रहा।

Samsung Galaxy Tab A7 Review: बैटरी और कनेक्टिविटी
कनेक्टिविटी के लिए इसमें वाई-फाई के साथ LTE मिलता है। साथ ही इसमें ब्लूटूथ 5.0, जीपीएस, बायडू, गैलेलियो, 3.5एमएम हेडफोन जैक और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है। इस टैब में 7040mAh की बैटरी है जो 15 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। टैबलेट की बैटरी लाइफ काबिल-ए-तारीफ है। रिव्यू के दौरान फुल ब्राइटनेस के साथ 1080 पिक्सल पर हम लगातार 7.50 घंटे तक वीडियो देखने में सफल रहे। ऐसे में Galaxy Tab A7 को एक दमदार बैटरी वाला टैब कहा जाएगा, हालांकि चार्जिंग स्लो है। टैब को फुल चार्ज करने में करीब दो घंटे का वक्त लग जाता है।

तो कुल मिलाकर कहें तो इंटरटेनमेंट और प्रोडक्टिविटी के लिहाज से Galaxy Tab A7 एक खरीदने लायक टैब है। वीडियो कॉलिंग के लिए कैमरा ठीक है। वैसे भी टैब का कैमरा स्मार्टफोन के कैमरे की जगह नहीं ले सकता। 22 हजार रुपये में आपको एलईटी सपोर्ट के साथ टैब मिल रहा है जिसके साथ ब्रांड वैल्यू भी मिल रही है तो इसे खराब सौदा नहीं कहा जाएगा।