राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को भारतीय ओलंपिक दल से मुलाकात करके पेरिस ओलंपिक में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वे देश के युवाओं खासकर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारत ने पेरिस ओलंपिक में एक रजत और पांच कांस्य सहित कुल छह पदक जीते थे। भारत के 117 खिलाड़ियों ने 26 जुलाई से 11 अगस्त तक खेले गए पेरिस ओलंपिक में भाग लिया।
2 of 4
पेरिस ओलंपिक 2024
- फोटो : PTI
मनु, श्रीजेश सहित कई खिलाड़ी रहे मौजूद
राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरों के साथ पोस्ट किया, 'राष्ट्रपति मुर्मू ने पेरिस ओलंपिक में भाग लेकर लौटे भारतीय दल से गणतंत्र मंडप, राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।’ इस मौके पर निशानेबाज मनु भाकर, अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह सहित कांस्य पदक विजेता टीम के बाकी सदस्य और पहलवान अमन सेहरावत, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले, भारोत्तोलक मीराबाई चानू तथा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन मौजूद थे।
3 of 4
मनु भाकर और सरबजोत
- फोटो : ANI
मनु भाकर ने रचा था इतिहास
पेरिस ओलंपिक में निशानेबाज मनु भाकर ने इतिहास रचा था और वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली आजाद भारत की पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। मनु ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी लगातार दूसरी बार कांस्य पदक अपने नाम किया था। निशानेबाजी में तीसरा पदक स्वप्निल कुसाले ने दिया था जो 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में तीसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा पहलवान अमन सहरावत भी पुरुष 57 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग में कांसा लाने में सफल रहे थे।
नीरज ने लगातार दूसरे ओलंपिक में जीता था पदक
भारत के सबसे बड़े पदक दावेदार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा भले ही पेरिस में टोक्यो ओलंपिक में जीते अपने स्वर्ण पदक का बचाव नहीं कर सके, लेकिन वह रजत पदक अपने नाम करने में सफल रहे थे। नीरज ने इसके साथ ही लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीता। वह ऐसा करने वाले आजाद भारत के पहले एथलीट हैं।