MothersDay: हर फोन पर मां यही कहती है कमरे से बाहर नहीं निकलना, स्टार बेटियों का बड़ा सहारा
वेटलिफ्टर मीरा को इस बार महसूस हो रही मां की कमी
वेटलिफ्टर मीराबाई चानू लंबे समय से पटियाला में ओलंपिक कैंप में हैं। मीरा कहती हैं कि वह लंबे समय से मदर्स डे पर मां के साथ नहीं रही हैं, लेकिन इस बार मां की कमी अधिक महसूस हो रही है। मीरा कहती हैं कि मां दिन में तीन बार फोन कर रही हैं। बार-बार यही कहती हैं कि बाहर मत जाना, अपना ख्याल रखना। पूछती हैं कहीं गई तो नहीं थी।
मां ने हर विपरीत स्थिति का सामना किया: मैरीकॉम
दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने कहा, मेरी मां हर बुरे और अच्छे समय में मेरा सहारा बनीं। चाहे जिस तरह की परििस्थतियां रहीं हों उन्होंने मेरा साथ दिया। मेरे को खड़ा करने और मजबूत बनाने के लिए मां ने हर विपरीत स्थिति का डटकर सामना किया लेकिन मुझे इसका अहसास नहीं होने दिया। आप दुनिया की सर्वश्रेष्ठ मां हो।
मनिका से रोज बात करना नहीं भूलती मां
टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा लॉकडाउन से पहले से पुणे में तैयारियां कर रही हैं। मनिका की मां सुषमा दिल्ली में हैं। वह बताती हैं कि वह ऐसे समय में मनिका से रोज बात करना नहीं भूलती हैं। ऐसे समय में बेटी से बात करना ही बड़ा सहारा है।