कौन हैं एयलीन गू?: अमेरिका छोड़ चीन से खेलीं, झेली मारपीट और धमकियां; दो स्वर्ण समेत कुल पांच ओलंपिक पदक जीते
एयलीन गू ने अमेरिका की बजाय चीन का प्रतिनिधित्व चुनकर वैश्विक बहस छेड़ दी। उन्हें ‘गद्दार’ कहा गया और जान से मारने की धमकियां भी मिलीं। बावजूद इसके, मिलानो-कोर्तिना 2026 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। यह मामला खेल, राजनीति और राष्ट्रीय पहचान के जटिल संबंधों को उजागर करता है।
एयलीन ने हालिया इंटरव्यू में खुलासा किया है कि जब से उन्होंने चीन के लिए खेलना शुरू किया है, उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिलीं और उनके साथ मारपीट भी हो चुकी है। उन्होंने कहा, 'मुझ पर बीच सड़क पर सार्वजनिक रूप से हमला किया गया। मुझे स्टैनफोर्ड कैंपस पुलिस को बुलाना पड़ा था। मुझे जान से मारने की धमकियां मिलीं। मेरा डॉर्म रूम भी लूट लिया गया। 22 साल की उम्र में आने तक मैंने जो झेला है, वह किसी को नहीं झेलना चाहिए।'
एयलीन गू केवल विवादों की वजह से नहीं जानी जातीं। वह शीतकालीन ओलंपिक इतिहास की सबसे सफल महिला फ्रीस्टाइल स्कीयर मानी जाती हैं। 2022 बीजिंग ओलंपिक में दो स्वर्ण और एक रजत के अलावा उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप और विंटर एक्स गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीते हैं। मिलानो-कोर्तिना 2026 में उन्होंने दो रजत और जीते। एयलीन गू ने अपने ओलंपिक करियर में जिन पांच स्पर्धाओं में हिस्सा लिया, उन सभी में पदक जीते। यही वजह है कि वह इतिहास की सबसे सफल (सर्वाधिक पदक जीतने वाली) महिला फ्रीस्टाइल स्कीयर बन गई हैं।