Shardiya Navratri 2023: इस वर्ष शारदीय नवरात्रि का पर्व 15 अक्तूबर 2023 से आरंभ हो रहा है। नवरात्रि देवी के नौ स्वरूपों की उपासना का त्योहार है, जिसमें पहली मां शैलपुत्री, दूसरी ब्रह्मचारिणी, तीसरी चंद्रघंटा, चौथी कुष्मांडा, पांचवी स्कंदमाता, छठी कात्यायनी, सातवीं कालरात्रि और आठवीं महागौरी और नौवीं मां सिद्धिदात्री हैं।
Shardiya Navratri 2023: मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे यात्री रखें इन बातों का ध्यान, सुखद रहेगा सफर
वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जरूरी बातें
मौसम का ध्यान रखते हुए कटरा जाने की योजना बनाएं। यात्रा के दौरान वैष्णो देवी का मौसम कैसा रह सकता है, बारिश होने की संभावना है या नहीं और कितनी सर्दी या गर्मी रह सकती है, इसका ध्यान रखते हुए योजना बनाएं। मौसम के अनुरूप कपड़े और अन्य जरूरी सामान साथ ले जाएं।
वैष्णो देवी दर्शन के दौरान कहां ठहरें?
कटरा से माता वैष्णो देवी यात्रा की शुरुआत होती है। यात्रियों के ठहरने के लिए कटरा में ही बजट के होटल विकल्प मिल सकते हैं। बजट के मुताबिक होटल में कमरा बुक कर सकते हैं। इसके अलावा यहां कई धर्मशालाएं भी हैं, जहां कम पैसों में ठहरना जा सकता है। वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड भी श्रद्धालुओं के रहने के लिए कम कीमत में जगह की व्यवस्था करता है। काउंटर या श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर ठहरने की बुकिंग करा सकते हैं।
वैष्णो देवी जाने के लिए जरूरी दस्तावेज
कटरा से त्रिकुटा पर्वत की दूरी लगभग 14 किमी है। यात्रा से पहले कटरा में श्रद्धालुओं को मंदिर तक जाने के लिए यात्रा पर्ची लेनी होती है। कटरा बस अड्डे के पास स्थित श्राइन बोर्ड के काउंटर पर यात्रा पर्ची की बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड की वेबसाइट पर भी पर्ची मिल जाएगी। यात्रा पर्ची के लिए कोई शुल्क नहीं देना होता। यात्रियों को यात्रा पर्ची के लिए पहचान पत्र संबंधी दस्तावेज की जरूरत होती है।
वैष्णो देवी यात्रा का किराया
ट्रेन या बस से कटरा तक जा सकते हैं। इसके आगे मंदिर परिसर तक पैदल चढ़ाई की जाती है। हालांकि अगर आप पैदल नहीं चल सकते हैं तो सांझी छत तक हेलीकॉप्टर की सुविधा मिल जाएगी। हेलीकॉप्टर से एक तरफ का किराया 1000 रुपये प्रति यात्री है। हेली काउंटर या फिर श्राइन बोर्ड की वेबसाइट से भी बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा पालकी, घोड़े या टैक्सी से भी यात्रा की जा सकती है। घोडे के लिए आपको 1600 रुपये की पर्ची कटानी होगी।