जादू की दुनिया जितनी कल्पना में है उतनी ही मनुष्य के दिमाग और जिंदगी में भी बसी है। यही कारण है कल्पनालोक पर आधारित किताबें, फ़िल्में और धारावाहिक हमेशा से लोगों को पसंद आते रहे हैं। ऐसा ही एक कल्पनालोक रचा ख्यात लेखिका जे.के. रोलिंग ने। हैरी पॉटर की जादुई दुनिया के जरिये उन्होंने लोगों को एक अलग ही, अद्भुत दुनिया में ले जाकर खड़ा कर दिया। इस दुनिया की हर चीज बेमिसाल और गजब है। इस दुनिया को किताबों से बाहर लाकर कुछ जगहों पर साकार रूप भी दे दिया गया है और ये जगहें अब ख्यात टूरिस्ट प्लेस बन गई हैं।
Harry Potter Places: हैरी पॉटर के फैन हैं तो जरूर जाएं ये जगहों पर, जादुई दुनिया की आ जाएगी याद
अनोखी, अनूठी जादू भरी
एक वह भी समय था जब हैरी पॉटर को रचने वाली जे के रोलिंग की इस पुस्तक को छापने के लिए कोई तैयार नहीं था और जब एक बार ये छपीं तो इतिहास, भविष्य सब बन गईं। न केवल किताबें बल्कि हैरी और उसकी दुनिया से जुड़ी हर चीज चर्चित हो गई और लोग उस दुनिया में जीने की कल्पना करने लगे। हैरी पॉटर फिल्मों की श्रृंखला के बाद इसके निर्माताओं और फ्रेंचाइजी लेने वालों ने फिल्म के सैट्स, प्रॉप्स आदि को जस का तस रखकर उसे पर्यटक स्थल की तरह बना दिया। बाद के सालों में इस तरह के और भी कई पर्यटन स्थल, अम्यूजमेंट पार्क विकसित हुए और आज इन जगहों पर लाखों पर्यटक विजिट करते हैं। जानिए ऐसी कुछ जगहों के बारे में जो हैरी पॉटर की रचना और कहानी से जुड़ी हुई हैं, जहाँ आप घूमने जा सकते हैं।
स्कॉटलैंड का रेस्त्रां और हॉगवर्ट्स की ट्रेन
पूरे स्कॉटलैंड में कई जगह हैरी के जीवन से जुड़े स्थल मौजूद हैं। स्कॉटलैंड की खूबसूरत पहाड़ों से आबाद राजधानी एडिनबर्ग के लिए अगर यह कहें कि जे के रोलिंग ने हैरी की जादुई दुनिया को यहां जन्म दिया तो गलत नहीं होगा। हैरी से वाकिफ ज्यादातर लोग इस बात को जानते हैं कि जे के रोलिंग ने अपने कठिन दिनों में हैरी पॉटर की रचना की थी और इसके लिए वह एक कॉफी हॉउस या रेस्त्रां में जाया करती थीं। वह यहीं मौजूद है और उसका नाम है एलिफेंट हॉउस कैफे। यह कैफे अब टूरिस्ट प्लेस की तरह बन चुका है। यहाँ आप गरमा गरम कॉफी के साथ इंस्पिरेशन की सिप भी ले सकते हैं। स्कॉटलैंड में ही मिलेगा आपको हॉगवर्ट्स एक्सप्रेस की सवारी का आनंद भी, जैकोबाइट स्टीम ट्रेन में। ठीक फिल्म में दिखाए गए सीन की ही तरह ये आपको नजारों की सैर करवाएगी। टिकिट होगा 30-35 पाउंड प्रति व्यक्ति, जबकि फर्स्ट क्लास के लिए देने होंगे करीब 55 पाउंड।
लंदन की छू मंतर गली और अनूठा प्लेटफॉर्म
इंग्लैण्ड की यह राजधानी यूँ अपने आप में कई ऐतिहासिक, राजनैतिक और अविस्मरणीय स्थानों के लिए जानी जाती है। चूँकि हैरी की रचना इसी माहौल और भाषा, रहन-सहन से हुई है, इसलिए यहाँ आपको वही फील मिलेगी। यहाँ आप छू मंतर गली यानी डायगोन एली जहाँ हैरी को क्लास के जरूरी सामान और अपना पहला जादुई चोगा मिलता है से लेकर, हॉगवर्ट्स के लिए हैरी की ट्रेन तक ले जाने वाला प्लेटफॉर्म नंबर पौने दस (किंग्स क्रॉस स्टेशन), एलनविक कासल, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, मिलेनियम ब्रिज, लंदन ज़ू का रेप्टाइल हॉउस जहाँ हैरी सबसे पहले यह जानता है कि वह सर्प भाषा बोल सकता है, आदि भी देखने को मिल सकते हैं।
स्टूडियो और अम्यूजमेंट पार्क
हैरी पॉटर सीरीज के हिट होने के बाद दुनियाभर में कई जगह अम्यूजमेंट पार्क इस थीम पर आधारित बनाये गए हैं। इनमें फिल्म बनाने वाले वार्नर्स ब्रदर्स द्वारा यथावत रखे गए फिल्म के सैट भी शामिल हैं। लंदन से कुछ दूरी पर स्थित लीव्सडन फिल्म स्टूडियो भी शामिल हैं जहाँ आप हॉगवर्ट्स के बड़े हॉल की सैर के साथ ही, फोर्बिडन फारेस्ट को भी देख सकते हैं और शूटिंग में इस्तेमाल प्रॉप्स और कॉस्ट्यूम्स को भी देख सकते हैं। इसके अलावा ऑरलैंडो, लॉस एंजिलिस, जापान और बीजिंग में मौजूद यूनिवर्सल स्टूडियोज विज़र्डिंग वर्ल्ड ऑफ़ हैरी पॉटर, कैनेडा के लॉकहार्ट बार, पौलेंड के चौहा कासल आदि की सैर भी आपको हैरी की दुनिया से रूबरू करवा सकती है।