यात्रा करने से पहले सबसे पहली प्लानिंग होती है बजट को लेकर। यह एक आम प्रक्रिया है लेकिन अक्सर यह प्लानिंग असल में वैसा रूप नहीं ले पाती, जैसा सोचा गया होता है। चाहे परिवार के साथ किसी यात्रा पर निकले हों या फिर अकेले या दोस्तों के ग्रुप के साथ, ऐसा कई बार होता है कि जितने पैसों में आपने पूरी यात्रा का खर्च सोचा था उससे कहीं ज्यादा खर्च हो गया और बाद में लम्बे समय तक आप खुद को ही दोष देते रहे। घूमने-फिरने में थोड़ा बहुत एक्स्ट्रा खर्च होना लाजमी है क्योंकि आप एक अंदाज लगाकर किसी जगह जाते हैं और वहां की वास्तविक स्थितियां अलग भी हो सकती हैं। कई बार कोई इमरजेंसी भी हो सकती है जिसकी वजह से अधिक खर्च हो जाए लेकिन अगर हर बार बेवजह अतिरक्त खर्च होने से यात्रा का मजा खराब हो जाता है तो इसे रोकना जरूरी है। ऐसे में कुछ उपाय आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं।
Budget and tour: यात्रा हो जाती है ओवरबजट, तो ये उपाय आएंगे काम
जरूरी खर्चों में कटौती न करें
यात्रा का मतलब होता है आनंद के पल गुजारना। चाहे आप 1 दिन के लिए घूमने जा रहे हों या 1 महीने के लिए। ऐसे में बजट पर ध्यान देना जरूरी है लेकिन इसके दौरान जरूरी चीजों पर भी ऐसी कटौती न करें कि आनंद की बजाय निराशा, दुःख और कड़वी यादें आपकी यात्रा का हिस्सा बन जाएँ। खाने, रहने और किसी जगह को एक्सप्लोर करने जैसे खर्चों पर कटौती की कैंची न चलाएं। सही, सुरक्षित और अच्छी जगह खाना, रहना और घूमना यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। इसी तरह आने-जाने के साधन को लेकर भी रिस्क न लें। थोड़े पैसे बचाने के लालच में की गई कटौती, मुश्किल भी खड़ी कर सकती है।
इस तरह बचाएं पैसे
तो फिर क्या करें? यह सवाल सबके मन में रहता है कि यदि यात्रा से जुड़े बड़े खर्चों पर ही कंजूसी नहीं कर सकते तो फिर कहाँ बचाएं पैसे। जवाब यह है कि इन खर्चों से जुड़े विकल्पों पर ध्यान दिया जाए और इसे अलावा कई तरह के छोटे खर्चों पर काबू किया जाए। कुछ इस तरह से-
बजट बनायें
यह यात्रा का सबसे पहला हिस्सा है। जब आप कहीं घूमने जाने के बारे में सोच रहे हैं तो सबसे पहले डेस्टिनेशन और कितने दिन के लिए जाना है, इसको लेकर एक रफ बजट तैयार करें। यदि आपको लगता है कि जगह और दिनों के हिसाब से बजट कम है तो कुछ दिन रुक जाएँ और पर्याप्त पैसा जमा करें। योजना को टालें नहीं, न ही निराश होकर इसे रोक दें। यदि थोड़ा बहुत पैसा कम भी पड़े तो उसे मैनेज करें, जैसे ठरहने की जगह अगर आप 4 स्टार ढूंढ रहे हैं तो उसे 3 स्टार में क्वालिटी के साथ देख लें, यदि कहीं आप शेयरिंग में गाड़ी या टैक्सी कर सकते हैं तो वह ऑप्शन देख लें और यात्रा में बेवजह की खरीदारी को टाल दें। अपने बजट में हमेशा थोड़े पैसे एक्स्ट्रा इमरजेंसी के हिसाब से डालकर भूल जाएँ। यदि इमरजेंसी आई तो यह पैसे काम आएंगे, वरना एक्स्ट्रा बोनस की तरह आपकी सेविंग बनकर रहेंगे। हां, यात्रा का बजट बनाते समय उन सभी को शामिल करें जो इस यात्रा में आपके साथ हैं। यदि आप अकेले हैं तब तो कोई बात ही नहीं।
स्कीम्स ढूंढें
ज्यादातर टूर्स एन्ड ट्रैवल साइट्स या कम्पनीज पैकेज में ऑफर देती हैं। कई जगह पर मेंबरशिप भी होती है। ऐसी किसी प्रामाणिक संस्था को चुनने से कई फायदे एक साथ मिल सकते हैं। आने-जाने से लेकर ठहरने और साईट सीइंग तक में ये न केवल ढेर सारे डिस्काउंट देते हैं बल्कि मेंबरशिप की वजह से अन्य फायदे और सुविधाएँ भी साथ में मिल जाती हैं। शुरू में ऐसे किसी प्लान को लेना थोड़ा महंगा लग सकता है लेकिन इसके एक साथ मिलने वाले फायदे आपकी यात्रा के आनंद को और बढ़ा सकते हैं। हां, जो भी प्लान या साइट चुनें, उसे पूरी तरह चैक करें और उसकी टर्म्स एन्ड कंडीशन को अच्छे से पढ़कर ही एग्री करें।
स्पेशल डेज और निशुल्क सुविधाओं के बारे में जानें
ऐसा दुनियाभर में होता है कि किसी भी टूरिस्ट प्लेस या अन्य जगह पर किसी प्रसिद्ध इमारत या स्थान को किसी ख़ास अवसर पर सबके लिए निशुल्क या डिस्काउंट के साथ ओपन किया जाता है। जैसे कि कोई म्यूजियम, बगीचा, ऐतिहासिक स्थल आदि। इंटरनेट पर इनके लिए स्पेशल पेजेस और जानकारी आसानी से उपलब्ध हो जाती है। आप जिस भी जगह जा रहे हैं उस जगह के बारे में यह जानकारी एकत्रित करें और इसका लाभ लें। इसके अलावा सीनियर सिटिजंस, बच्चों, स्पेशली एबल्ड और महिलाओं के लिए भी अलग से कुछ सुविधाएँ मिल सकती हैं। ऐसी जानकारियां यात्रा के दौरान पैसा बचाने में आपके काम आएँगी।