'खाना बनाने, सफाई करने और हफ्ते में एक या दो बार ओरल सेक्स के बदले छत की पेशकश।'
जब घर किराए पर देने के बदले में लड़की से की गई शारारिक संबंध बनाने की मांग
बीबीसी थ्री की डॉक्यूमेंट्री के लिए मुझे ये पड़ताल करनी थी कि ये रैकेट किस पैमाने पर चल रहा है और इस सिलसिले में मैं एक अंडरकवर ऑपरेशन पर गई। जिस शख्स से मैं रूबरू थी, उसके लिए मैं 24 साल की नर्सिंग स्टूडेंट थी जिसके पास रहने के लिए कोई छत नहीं थी। वो लंदन के जिस घर में रहता था, वहां और लोग भी उसके साथ रहते थे। लेकिन फिर भी उसने कहा कि बाकी लोगों से कोई दिक्कत नहीं होगी, बस हमें ये कहना होगा कि मैं उसकी गर्लफ्रेंड हूं। जब मैंने हिचकिचाहट दिखाई तो उसने मुझे कन्विंस करने की कोशिश की। उस शख्स ने कहा, "ऑनलाइन रूम ऑफर करने वाले अधेड़ लोगों से मैं बेहतर विकल्प हूं।" उसने कहा, "बहुत मजा आएगा मेरा यकीन करो..."
इस शहर में वो कोई अकेला शख्स नहीं था जो 'रेंट फॉर सेक्स' का ऑफर कर रहा था। मैंने एक लोकप्रिय क्लासीफाइड विज्ञापनों वाली वेबसाइट भी खंगाली। दर्जनों ऐसे विज्ञापन झट से सामने आ गए जो 'एडल्ट ऐरेंजमेंट्स' के बदले कमरे की पेशकश कर रहे थे। ऐसे विज्ञापनों का दायरा पूरे ब्रिटेन में फैला था, ब्राइटन से एडिनबरा तक, बड़े शहरों से लेकर छोटे शहर तक... मैंने इन विज्ञापनों के प्रति दिलचस्पी दिखानी शुरू कर दी। कुछ ही मिनट बीते थे कि एक जवाब आया जिसमें साफ तौर पर सेक्स के लिए इशारा था। एक लैंडलॉर्ड ने फौरन मेरी बॉडी और मेरी ब्रॉ का साइज पूछा।
एक दूसरे शख्स ने कहा कि जब तक आप इस 'एडल्ट ऐरेजमेंट' के लिए खुशी से तैयार नहीं हो जातीं, हम व्हॉट्सऐप पर बात जारी रह सकते हैं। मैंने ऐसे कई मकान मालिकों से मिलने का समय लिया। और मैं चौंक गई, जिन लोगों से मिल रही थी, उनमें हर उम्र के और अलग-अलग बैकग्राउंड्स के लोग थे। एक व्यक्ति केवल 24 साल का था, दूसरा मुझे अपनी बेटी का कमरा देने की पेशकश कर रहा था, उसकी बेटी यूनिवर्सिटी में पढ़ रही थी। तीसरे ने कहा कि मैं उस केबिन में रह सकती हूं जो उसके बंगले के पीछे वाले गार्डेन में है। शर्त यही थी कि बदले में मुझे उनके साथ सेक्स करना पड़ता। मैं जिन लैंडलॉर्ड्स से मिली, उनमें ज्यादातर अकेले रहने वाले लोग थे। लेकिन लंदन में एक शख्स ने कहा कि उसके घर में और लोग भी रहते हैं और मुझे खुद को उसकी गर्लफ्रेंड बताना होगा।
बिजनेस ट्रांजैक्शन
स्कॉटलैंड में मैं जिस लड़के से मिली थी, उसकी उम्र कोई 24 साल थी। वह हर दूसरे दिन सेक्स या ऐसा ही कुछ करना चाहता था। लेकिन सेक्स में इमोशन वाली बात से वो इत्तेफाक नहीं रखता था। उसने कहा, "मैं इसे बिजनेस ट्रांजैक्शन के तौर पर देख रहा हूं।" मैं इन लोगों के सामने खुद को एक लाचार लड़की के तौर पर पेश कर रही थी जिसके पास पैसे नहीं थे और रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं था। मैं हैरत में थी कि ये मकान मालिक किस बेशर्मी से मुझे रहने के लिए जगह देने के एवज में अपने साथ सोने के लिए कह रहे थे।
उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं थी कि जिस चीज के लिए वो मुझसे कह रहे हैं, उसका मुझ पर क्या असर पड़ेगा। हकीकत तो ये थे कि ज्यादातर लैंडलॉर्ड्स में इस बात का भी एहसास नहीं दिख रहा था कि वे कुछ गलत कर रहे हैं। उन्हें ये बात समझ में नहीं आ रही थी कि 'रेंट फॉर सेक्स' वाले विज्ञापन अवैध हो सकते हैं। किसी घर में कमरा देने के एवज में सेक्स की मांग वेश्यावृत्ति के लिए प्रोत्साहित करना करार दिया जा सकता है। इंग्लैंड और वेल्स में इसके लिए सात साल की सजा का प्रावधान है। जब मैंने इन मकान मालिकों से मुलाकात के बाद उन्हें बीबीसी थ्री की इस पड़ताल के बारे में लिखा और उनसे उनका पक्ष जानना चाहा तो केवल दो ही लोगों ने जवाब दिया। एक ने जवाब दिया कि वो रजामंदी से सेक्स के लिए सहमति चाह रहा था और उसने कोई गलत काम नहीं किया है।
एक ही बिस्तर पर सोना
दूसरे शख्स ने कहा कि वो केवल काउच-सर्फिंग (घर में साथ रहने) के लिए कह रहे थे जिसमें वो मुझे अपने सोफे पर मुफ्त में रहने के लिए इजाजत देने वाला था। लेकिन सच यही है कि जो लोग इन विज्ञापनों के जाल में फंस रहे हैं, उनकी स्थिति खराब है, उनके पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं है। मैं एक ऐसी लड़की से मिली जिसने 'रेंट फॉर सेक्स' का सहारा लिया था। तब वो 20 बरस की थी। जब तक वो उस घर में गई नहीं थी तब तक उसे एहसास नहीं था कि उसने कैसा सौदा किया है जिसमें उसे लैंडलॉर्ड के साथ एक ही बिस्तर पर सोना था। उसने लैंडलॉर्ड से कहा भी कि वो उसके साथ नहीं सोना चाहती लेकिन इसके बावजूद वो उसे छूने की लगातार कोशिश करता रहा। उस लड़की ने मुझे बताया, "लैंडलॉर्ड ने मेरे साथ जबरदस्ती नहीं की, इसलिए मैं उसकी एहसानमंद हूं।" उस लैंडलॉर्ड से मिलने से पहले तक वो बेघर थी, दोबारा बेघर होने के डर की वजह से वो लंबे समय तक उस मकान मालिक के साथ रही। जब मैंने उसके लैंडलॉर्ड से इसके बारे में पूछा तो उसने कहा, "मेरा मानना है कि अगर वो मेरे साथ रह रही थी तो इसका मतलब ये था कि वो नाखुश नहीं थी।" लैंडलॉर्ड ने ये भी दावा कि उसने कभी भी उस लड़की से सेक्स नहीं किया और न ही इसकी फरमाइश की।