सर्दियों ने दस्तक दे दी है। त्वचा का रूखापन परेशान करेगा। साथ ही एड़ियों के फटने की समस्या सामने आएगी। इसके लक्षण हैं एड़ियों में खुजली, सूजन, त्वचा का फटना और साथ ही त्वचा का रूखा होना। कुछ लोगों की तो बिवाइयों में खून आने लगता है। ऐसे में अगर समय रहते समस्या से निजात पाना है तो कुछ घरेलू उपाय करें, फायदा होगा।
पहले पैरों को साबुन के पानी में डालकर प्यूमिक स्टोन से रगड़ें। पैरों को धो लें और अच्छे से सुखा लें। इसके बाद सरसों के तेल को एड़ी और तलवे पर लगाएं। इसके बाद मोजे पहनकर सो जाएं। सुबह एड़िया मुलायम हो जाएंगी। कुछ दिनों तक ऐसा करें एड़ियों की दरारें भर जाएंगी।
एक मुट्ठी नीम की पत्तियां पीस कर पेस्ट बना लें और तीन चम्मच हल्दी का पाउडर लेकर अच्छी तरह मिला लें। फटी एड़ियों पर इस पेस्ट को लगाएं और आधे घंटे के लिए छोड़ दें। गर्म पानी से पैरों को धो लें और साफ कपड़े से पोछ लें, फायदा होगा।
एक टब में गर्म पानी लें और आधा कप एप्सोम नमक मिला लें। 10 मिनट तक पैरों को इस मिश्रण में डुबो दें। प्यूमिक स्टोन से पैर को रगड़ कर फिर मिश्रण में डुबो दें। पैरों को सुखाकर फूट क्रीम या पेट्रोलियम जेली लगाएं।
टब में गर्म पानी लें और उसमे एक कप शहद मिला लें।15 से 20 मिनट तक पानी में पैरों को डुबो दें। धीरे-धीरे स्क्रब करें। फटी एड़ियों से आराम मिलने तक ये हफ्ते में कई बार ट्राई करें।