आपने भी कई बच्चों को देखा होगा जिनके लिए सामान्य रूप से चलना, शरीर का संतुलन बनाना कठिन होता है। ये सेरेब्रल पाल्सी (सीपी) नाम की समस्या का संकेत हो सकता है जिसमें समय पर उपचार न मिलने से क्वालिटी ऑफ लाइफ में समस्या हो सकती है। सेरेब्रल पाल्सी, उन विकारों का एक समूह है जो किसी व्यक्ति की चलने-फिरने, संतुलन और मुद्रा बनाए रखने की क्षमता को प्रभावित करती है। सीपी बचपन में होने वाला सबसे आम मोटर विकलांगता है। दुनियाभर में 17 मिलियन से अधिक लोगों में इस तरह की समस्या देखी गई है।
World Cerebral palsy Day: 1.7 करोड़ से अधिक लोग इस रोग के शिकार, जानिए क्या होती है ये समस्या
सेरेब्रल पाल्सी के बारे में जानिए
सेरेब्रल पाल्सी उन शारीरिक स्थितियों का एक समूह है जो गति और मुद्रा को प्रभावित करता है। यह बच्चों में होने वाली दिक्कत है जो उनके विकासशील मस्तिष्क पर नकारात्मक असर डाल सकती है, ये दिक्कत आमतौर पर जन्म से पहले होती है। शुरुआत के एक-दो साल के भीतर इसके संकेत दिखने लगते हैं। सेरेब्रल पाल्सी वाले बच्चों के हाथ, पैर और धड़ फ्लॉपी दिख सकते हैं या उनकी मांसपेशियां कड़ी हो जाती हैं, जिन्हें स्पास्टिसिटी कहा जाता है। इन स्थितियों में लिए उनके लिए सामान्य रूप से चलना और दिनचर्या के अन्य काम करना भी कठिन हो सकता है।
कैसे होते हैं इस रोग के लक्षण
सेरेब्रल पाल्सी के शिकार बच्चों में संतुलन से संबंधित समस्याएं देखी जा सकती हैं, कुछ लोगों में ये पूरे शरीर को प्रभावित कर सकती है। सामान्य लक्षणों में प्रभावित लोगों के लिए चलने-फिरने और समन्वय, बोलने और खाने में परेशानी के साथ विकास से संबंधित समस्याएं हो सकती हैं। संतुलन और मांसपेशियों के समन्वय की कमी जीवन के सामान्य कार्यों को कठिन बना सकती है। माता-पिता के लिए जरूरी है कि बच्चों में इन लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान दें।
क्यों होती है इस तरह की दिक्कत?
सेरेब्रल पाल्सी मस्तिष्क के अनियमित विकास या विकासशील मस्तिष्क में होने वाली किसी प्रकार की क्षति के कारण होने वाली दिक्कत है। इसके लिए कई कारक जिम्मेदार हो सकते हैं, जैसे जीन में किसी प्रकार का बदलाव, गर्भावस्था के दौरान होने वाला कोई संक्रमण, स्ट्रोक या मस्तिष्क में रक्तस्राव की समस्या होना। कुछ प्रकार की अंतर्निहित स्वास्थ्य समस्याएं मस्तिष्क में ऑक्सीजन के संचार को बाधित कर देती हैं जिसके कारण भी ये विकार हो सकता है।
सेरेब्रल पाल्सी का इलाज और बचाव के उपाय
सेरेब्रल पाल्सी वाले बच्चों और वयस्कों को आजीवन देखभाल की आवश्यकता हो सकती है। इसमें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य देखभाल की आवश्यकता हो सकती है। माता-पिता के लिए बच्चों की स्थिति पर ध्यान रखना बहुत आवश्यक माना जाता है। इस रोग का कोई पुख्ता उपचार नहीं है, सहायक उपचार के माध्यम से इसके लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।
सेरेब्रल पाल्सी की रोकथाम भी नहीं की जा सकती है, कुछ उपाय जैसे वैक्सीनेशन और शराब-धूम्रपान जैसे जोखिमों से बचाव के उपाय करके रोग के खतरे को कम किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।