कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की समस्या आज के समय में काफी आम हो गई है। वयस्कों से लेकर बुजुर्ग तक सभी को इसका शिकार देखा जा रहा है। कोलेस्ट्रॉल वैसे तो हमारे शरीर के लिए आवश्यक तत्व है पर जब इसकी मात्रा सामान्य से अधिक होने लगती है तो इसके कई गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं।
Cholesterol: क्या आपका भी अक्सर बढ़ा रहता है कोलस्ट्रॉल? जानिए इसकी मुख्य वजह और इसे कंट्रोल रखने का तरीका
हाई कोलेस्ट्रॉल का मतलब है कि खून में वसा (फैट) का स्तर सामान्य से अधिक हो गया है। कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित बनाए रखने के लिए आहार और लाइफस्टाइल दोनों को ठीक रखना जरूरी है। जानिए इसके क्या नुकसान हैं और कोलेस्ट्रॉल को कैसे कंट्रोल करें?
क्यों बढ़ता है कोलेस्ट्रॉल?
अनुचित आहार जैसे ज्यादा सैचुरेटेड फैट और ट्रांस फैट युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन हो या नियमित व्यायाम न करने की आदत आपमें कोलेस्ट्रॉल का जोखिम बढ़ाने वाली हो सकती हैं। मोटापा, धूम्रपान और शराब जैसी आदतों के अलावा अनुवांशिक कारणों से भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित बनाए रखने के लिए आहार और लाइफस्टाइल दोनों को ठीक रखना जरूरी है।
हृदय रोगों का बढ़ जाता है खतरा
कोलेस्ट्रॉल मोमयुक्त पदार्थ होता है जो रक्त वाहिकाओं में जमा होकर खून के प्रवाह को बाधित कर सकता है। हृदय रोगों के लिए ये महत्वपूर्ण जोखिम कारक माना जाता है। जिन लोगों को हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या रही है उन्हें इसे कंट्रोल में रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। कुछ प्राकृतिक तरीकों की मदद से भी कोलेस्ट्रॉल को बढ़ने से रोकने में मदद मिल सकती है। हम क्या खाते हैं इसका इसमें सबसे बड़ा योगदान माना जाता है।
आहार में करें सुधार
आहार में फाइबर वाली चीजों की मात्रा संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद मानी जाती है इससे कोलेस्ट्रॉल भी नियंत्रित रहता है। घुलनशील फाइबर रक्तप्रवाह में इसके अवशोषण को कम करके बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है। अपने आहार में घुलनशील फाइबर वाले खाद्य पदार्थ जैसे जई, जौ, बीन्स, फल (जैसे सेब, संतरे और जामुन) और सब्जियां (स्प्राउट्स और गाजर) शामिल करें।
रेड मीट, फुल फैट वाले डेयरी उत्पाद और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों से दूरी बनाकर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखा जा सकता है। असंतृप्त वसा जैसे एवोकाडो, नट्स, सीड्स और वसायुक्त मछलियां न केवल कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखती हैं साथ ही इससे हृदय को स्वस्थ रखने में भी मदद मिल सकती है।
इन बातों का रखें ध्यान
कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए कुछ उपाय कर सकते हैं।
- सैचुरेटेड और ट्रांस फैट (जैसे फ्राइड फूड, पैकेज्ड स्नैक्स) के अधिक सेवन से बचें।
- फाइबर युक्त भोजन जैसे ओट्स, ब्राउन राइस, फल-सब्जियां) खाएं।
- चिया सीड्स, अलसी के बीज और अखरोट खाएं। यह बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करता है।
- रोजाना कम से कम 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि करें।
- धूम्रपान और शरीब से बिल्कुल दूरी बना लें।
-------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।