बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए सभी लोगों को नियमित रूप से पौष्टिक चीजों के सेवन की सलाह दी जाती है। इसमें नट्स यानी कि सूखे मेवे खाना आपके लिए विशेष लाभकारी माना जाता है। अध्ययनों में रोजाना बादाम खाने को विशेष लाभदायक बताया गया है, इसमें भी भीगे हुए बादाम का सेवन इसके फायदों को कई गुना बढ़ा देता है। हम सभी जानते हैं कि बादाम आंखों, दिमाग और शरीर के कई अन्य कार्यों को फायदा पहुंचाता है, लेकिन भीगे हुए बादाम वास्तव में हमारे शारीरिक सिस्टम को दोगुना बूस्ट दे सकते हैं।
आज का हेल्थ टिप्स: रोज सुबह खाइए भीगे हुए बादाम, कुछ ही दिनों में दिखने लगेंगे ऐसे गजब के फायदे
दिमाग को बनाता है तेज
बादाम का सेवन दिमाग तेज करने के लिए वर्षों से किया जाता रहा है। असल में बादाम एल-कार्निटाइन का अच्छा स्रोत है जो मस्तिष्क की नई कोशिकाओं को बढ़ावा देने में मदद करता है। इसके अलावा बादाम फेनिलएलनिन से भी भरपूर होते हैं जो याददाश्त और समग्र संज्ञानात्मक कार्य में सुधार के लिए जाने जाते हैं। इस सूखे मेवे में विटामिन-ई और बी-6 की उपस्थिति होती है, जो मस्तिष्क की कोशिकाओं को स्वस्थ बनाए रखने में मददगार है। भीगे हुए बादाम इन गुणों को बढ़ा देते हैं, साथ ही शरीर को पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित करने में मदद करते हैं।
पाचन को बेहतर बनाए रखता है भीगा बादाम
बेहतर पाचन के लिए भीगे बादाम का सेवन करना आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। भीगे हुए बादाम खाने से पाचन क्रिया आसान हो जाती है। भीगे हुए बादाम लिपिड-ब्रेकिंग एंजाइम, लाइपेस को रिलीज करते हैं जो भोजन में मौजूद वसा पर काम करने के लिए जाना जाता है। इस तरह शरीर के पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने में इसका सेवन लाभदायक हो सकता है। हालांकि बादाम का सेवन बहुत अधिक मात्रा में करने से पाचन संबंधी दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं।
गर्भवती महिलाओं को जरूर खाने चाहिए भीगे बादाम
गर्भावस्था के दौरान डॉक्टर्स नट्स का सेवन करने की सलाह देते हैं। इसके लिए भीगे हुए बादाम को लिस्ट में डाल दें। ऐसा इसलिए है क्योंकि बादाम फोलेट का अच्छा स्रोत हैं जो नेचुरल लेवर को बढ़ावा देने वाले हार्मोन उत्पन्न करते हैं। इसके अलावा बादाम, बच्चों में जन्मजात हृदय दोष और तंत्रिका ट्यूब से संबंधित जोखिमों को दूर करने में भी सहायक है। कच्चे बादाम को भी फोलेट का अच्छा स्रोत माना जाता है, लेकिन भिगोने पर इसके पोषक तत्वों के अवशोषण की शक्ति बढ़ जाती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।