दुनियाभर में हृदय रोगों के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। कुछ दशकों पहले माना जाता था कि हृदय रोग की समस्या ज्यादा उम्रदराज लोगों को ही होती है, हालांकि पिछले कुछ वर्षों में देखें तो युवा भी तेजी से हृदय रोगों के शिकार हो रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओं) के आंकड़ों के मुताबिक हृदय रोग (सीवीडी) विश्व स्तर पर मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। साल 2019 में सीवीडी से अनुमानित 17.9 मिलियन (1.79 करोड़) लोगों की मृत्यु हुई, जो कुल मौतों का 32 फीसदी है। इनमें से 85 फीसदी मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक के कारण हुईं।
सेहत की बात: शाकाहारी भोजन से कम हो सकता है युवाओं में इस गंभीर रोग का जोखिम, अध्ययन में दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
युवा वयस्कों और पोस्टमेनोपॉज़ल महिलाओं के लिए फायदेमंद
पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों के सेवन से सेहत को होने वाले फायदों के बारे में जानने के लिए किए गए दो अलग-अलग अध्ययनों में वैज्ञानिकों ने इसके तमाम प्रकार के लाभ के बारे में बताया है। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों का सेवन करने वाले युवा वयस्कों और पोस्टमेनोपॉज़ल महिलाओं, दोनों में हृदय रोग विकसित होने की संभावना और हार्ट अटैक का खतरा काफी कम पाया गया। अध्ययन के निष्कर्ष को अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के एक ओपन-एक्सेस जर्नल 'जर्नल ऑफ द अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन' में प्रकाशित किया गया है।
कार्डियोवैस्कुलर बीमारी का खतरा हो सकता है कम
मिनियापोलिस में यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेस्टा स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में महामारी विज्ञानी और अध्ययन के प्रमुख शोधकर्ता यूनी चोई कहते हैं, अध्ययन में हमने जानने की कोशिश की, क्या लंबे समय तक पौधों पर केंद्रित आहार का सेवन करने से युवावस्था और जीवन के मध्यकाल में हृदय रोगों के जोखिमों से बचा जा सकता है? सबसे पहले हमने सिर्फ एक खाद्य पदार्थ और बाद में पौधे पर आधारित तमाम तरह के आहारों को लेकर अध्ययन किया। इन अध्ययनों में हमने पाया कि इस तरह के आहार का सेवन करने वाले लोगों में कार्डियोवैस्कुलर बीमारी का जोखिम बेहद कम पाया जाता है।
पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थ बेहद फायदेमंद
यूनी चोई और उसके सहयोगियों ने कोरोनरी आर्टरी रिस्क डवेलपमेंट इन यंग एडल्ट्स (कार्डिया) में नामांकित 4,946 वयस्कों के आहार और हृदय रोगों के खतरे की जांच की। अध्ययन के समय (1985-1986) प्रतिभागियों की उम्र 18 से 30 साल के बीच की थी, इन सभी लोगों में हृदय रोगों का खतरा नहीं था। अध्ययन को दौरान दो समूह में लोगों को अलग-अलग खाद्य पदार्थ दिए गए। निष्कर्ष में वैज्ञानिकों ने पाया कि जिन प्रतिभागियों के आहार में पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों का मात्रा अधिक थी उनमें युवावस्था के दौरान हृदय संबंधी रोगों का जोखिम कम पाया गया।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए क्या खाएं?
शोधकर्ता बताते हैं 32 वर्षों के फॉलो-अप के दौरान, 289 प्रतिभागियों में हृदय रोगों (दिल का दौरा, स्ट्रोक, हार्ट फेलियर, सीने में दर्द या शरीर में कहीं भी धमनियों के बंद होने की समस्या) का निदान किया गया। जिन लोगों ने लंबी अवधि के दौरान पौष्टिक रूप से समृद्ध पौधों वाले खाद्य पदार्थ और कम मात्रा में पशुओं पर आधारित भोजन का सेवन किया उन लोगों में कार्डियोवैस्कुलर बीमारी विकसित होने की संभावना 52 प्रतिशत तक कम पाई गई।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन डाइट एंड लाइफस्टाइल संस्था स्वस्थ जीवन के लिए विभिन्न प्रकार के फलों और सब्जियों, साबुत अनाज, कम वसा वाले डेयरी उत्पादों, पोल्ट्री और मछली, नट और फलियों को आहार में शामिल करने की सलाह देती है। इसके अलावा लोगों को संतृप्त वसा, ट्रांस वसा, सोडियम, रेड मीट, मिठाई और शर्करा युक्त पेय का मात्रा को सीमित करने की भी सलाह दी जाती है।
------------
स्रोत और संदर्भ:
Plant‐Centered Diet and Risk of Incident Cardiovascular Disease During Young to Middle Adulthood
अस्वीकरण नोट: यह लेख 'जर्नल ऑफ द अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन' में प्रकाशित अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। संबंधित विषय के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए अपने चिकित्सक से सलाह लें।