मच्छरों के कारण डेंगू से लेकर मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा रहता है जो गंभीर स्थितियों में जानलेवा भी हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इन समस्याओं से बचे रहने के लिए आवश्यक है कि आप मच्छरों के काटने से बचें। इसके लिए मच्छरदानी के प्रयोग को सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है, मच्छरों को भगाने के लिए स्प्रे और मॉस्किटो कॉइल भी काफी चलन में हैं। पर क्या आप जानते हैं कि ये कॉइल आपकी सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकते हैं?
Alert: 50 सिगरेट जितना ही सेहत के लिए हानिकारक है मॉस्किटो कॉइल, इस्तेमाल के दौरान बरतें सावधानी
मॉस्किटो कॉइल से बढ़ सकती है सांस की दिक्कत
अध्ययनों के अनुसार, मॉस्किटो कॉइल से निकलने वाल धुंआ हमारे शरीर के लिए सिगरेट जितना ही नुकसानदायक हो सकता है। शोध बताते हैं कि एक कॉइल द्वारा छोड़ा गया धुआं 50 सिगरेट पीने के बराबर खतरनाक हो सकता है।
सिडनी यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों के अनुसार ये कॉइल्स दो प्रकार से काम करते हैं, पहला इसमें सुगंधित पदार्थ (जैसे कि सिट्रोनेला) मिलाया जाता है जो मच्छरों को दूर भगाते हैं और दूसरा इनमें कीटनाशक होते हैं जो मच्छरों को मार देते हैं। ये कॉइल और स्टिक पहले पाइरेथ्रम पेस्ट से बनाए जाते थे, जबकि आधुनिक कॉइल में पाइरेथ्रॉइड कीटनाशक या सिट्रोनेला जैसे पदार्थ होते हैं। ये दोनों मानव शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
मॉस्किटो कॉइल का धुंआ बहुत खतरनाक
घर के अंदर मॉस्किटो कॉइल और स्टिक के जलने से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। मच्छरों को भगाने वाले कॉइल को जलाने से उत्पन्न होने वाले धुंए में सूक्ष्म कण होते है जो बड़ा जोखिम पैदा करता है। बंद कमरे में एक क्वाइल जलाने से होने वाले धुएं में सांस लेना लगभग 500 सिगरेट पीने के बराबर नुकसानदायक हो सकता है।
अध्ययन में अनुमान लगाया गया है कि एक मॉस्किटो कॉइल को जलाने से पैदा होने वाले पार्टिकुलेट मैटर 75-137 सिगरेट जलाने के बराबर होते हैं। मानव शरीर में इसके एक्सपोजर के हृदय से लेकर फेफड़ों तक की सेहत के कई नुकसान हो सकते हैं।
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
शोधकर्ताओं ने पाया कि लंबे समय तक मॉस्किटो कॉइल के धुएं के संपर्क में रहने से फेफड़ों के कैंसर जैसी जानलेवा स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञ कहते हैं, अगर आप मच्छरों को भगाने वाले कॉइल जलाते हैं तो ध्यान रखें कमरा बंद न हो, कमरे में वेंटिलेशन की बेहतर व्यवस्था जरूर होनी चाहिए। कमरे में इन क्वाइल को जलाकर छोड़ दें और जब ये खत्म हो जाए तो वेंटिलेटर की मदद से हवा को बाहर निकालकर ही इसमें जाएं। बेहतर है कि मच्छरों से बचाव के लिए अन्य तरीकों का प्रयोग में लाया जाए।
मच्छरों के काटने से बचने के तरीके
मच्छरों से बचाव के लिए आप कुछ और सुरक्षित तरीकों को प्रयोग में ला सकते हैं।
- लंबी बाजू वाली शर्ट और पैंट पहनें जिससे शरीर कवर रहे।
- सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
- मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए अपने घरों के आसपास पानी न जमा होने दें।
- आसपास सफाई रखें।
- शाम के समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें जिससे मच्छर प्रवेश न करने पाएं।
- मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए समय-समय पर फॉगिंग कराएं।
------------
स्रोत और संदर्भ
Are mosquito coils good or bad for our health?
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।