मौजूदा समय में मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं बड़ी चर्चा का विषय रही हैं। विशेषकर कोरोना महामारी के बाद से लोगों में इससे संबंधित कई तरह की समस्याओं का निदान किया जा रहा है। कोरोना महामारी के साइड-इफेक्ट के तौर पर लोगों में तनाव-चिंता और अवसाद के मामले काफी अधिक रिपोर्ट किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सभी लोगों को अपने मानसिक सेहत के लिए विशेष अलर्ट रहना चाहिए। अगर आपका मन स्वस्थ रहेगा तभी शरीर का बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके लिए हम सभी को लगातार प्रयास करते रहने की आवश्यकता है।
आज का हेल्थ टिप्स: विशेषज्ञों की सलाह- मानसिक स्वास्थ्य को रखना है बेहतर, तो आज से ही इन तीन चीजों से बना लें दूरी
नींद की कमी है खतरनाक
अध्ययनों से पता चलता है कि मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं के शिकार ज्यादातर लोगों में नींद की कमी की दिक्कत देखी जा रही है। अनिद्रा या नींद पूरी न हो पाने का सीधा असर आपके मानसिक क्षमता को प्रभावित कर सकता है। पर्याप्त नींद लेने से आपके शरीर और दिमाग को आराम मिलता है। वहीं नींद पूरी न होने के कारण आपको मूड, ऊर्जा के स्तर, प्रेरणा और मानसिक स्वास्थ्य में समस्याओं का अनुभव हो सकता है। शोध बताते हैं कि जिन लोगों की नींद पूरी नहीं होती है उनमें अवसाद और चिंता विकार की आशंका अधिक होती है।
सामाजिक दूरी ने बढ़ा दी है दिक्कतें
वैश्विक कोरोना महामारी से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग पर जोर दिया जा रहा है, पर शोध बताते हैं कि लंबे समय तक घरों में बंद रहने और लोगों से मिलना-जुलना कम होने के कारण मानसिक स्वास्थ्य की कई समस्याएं पहले की तुलना में काफी बढ़ गई हैं। अच्छे मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए ताजी हवा, लोगों से मिलना-जुलना बहुत आवश्यक है। घर के अंदर रहने की आदत आपके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाल सकती है, इससे अवसाद के लक्षण बढ़ सकते हैं। सुरक्षित रूप से घर से बाहर निकलने से आपके अवसाद में सुधार होता है साथ ही यह आपको बेहतर नींद प्राप्त करने में भी मदद कर सकती है।
जंक फूड्स और अस्वास्थ्यकर आहार
आहार का हमारे शारीरिक-मानसिक दोनों ही तरह की सेहत पर सीधा असर होता है। जंक फूड्स का बढ़ा हुआ सेवन आपमें न सिर्फ मोटापे और डायबिटीज के जोखिमों को बढ़ा सकता है साथ ही इसे मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक माना जाता है। अधिक चीनी, वसा या अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ भी चिंता-तनाव विकार को बढ़ावा दे सकते हैं। जंक फूड खाने के बजाय, अपने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए फाइबर, विटामिन और साबुत अनाज वाले खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करें।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।