Medically reviewed by-
शरीर के अंगों में दिख रहे असामान्य बदलावों के अधार पर कई सारी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। आपने भी नाखून, त्वचा या पेशाब के रंग में परिवर्तन के आधार पर बीमारियों की पुष्टि के बारे में सुना होगा। पर क्या आप जानते हैं कि हमारी आंखें भी शरीर में पनप रही कई गंभीर बीमारियों का संकेत देती हैं? स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक आंखों के रंग में बदलाव या इनमें होने वाली किसी भी अन्य समस्या को आमतौर पर हम आंखों की सेहत से ही जोड़कर देखते हैं, पर ध्यान देने वाली बात यह है कि ऐसे कई परिवर्तन शरीर में गंभीर बीमारियों का भी संकेत हो सकते हैं। जैसे आंखों में होने वाले कुछ बदलावों के आधार पर शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का अंदाजा लगाया जा सकता है।
डॉक्टर कहते हैं, स्वास्थ्य की जानकारी के लिए नियमित तौर पर रक्त परीक्षण और डॉक्टर के संपर्क में रहना आवश्यक होता है, पर कई बार शरीर में होने वाले कुछ बदलावों के आधार पर भी स्वास्थ्य समस्याओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। ऐसे ही आंखों पर भी हमें ध्यान रखना चाहिए, इसमें होने वाले कुछ परिवर्तन हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकते हैं। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
सावधान: आंखों में ऐसी दिक्कतें हाई कोलेस्ट्रॉल का मानी जाती हैं संकेत, न करें इन्हें अनदेखा करने की भूल
आंखों में दिखते हैं कोलेस्ट्रॉल बढ़ने के लक्षण
यूके की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाई कोलेस्ट्रॉल या हाइपरकोलेस्ट्रोलेमिया का अंदाजा आंखों में दिखने वाले कुछ संकेतों के आधार पर भी लगया जा सकता है। रक्तप्रवाह में अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल की उपस्थिति के कारण हाइपरकोलेस्ट्रोलेमिया की समस्या हो जाती है। इसका हमारे स्वास्थ्य पर कई तरह से नकारात्मक असर देखा जा सकता है। कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ जाने के कारण हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को डॉक्टर की सलाह पर नियमित रूप से ब्लड कोलेस्ट्रॉल के स्तर की जांच कराते रहनी चाहिए। आइए जानते हैं कि आंखों में किन लक्षणों के आधार पर इस समस्या का अंदाजा लगाया जा सकता है?
पलकों पर पीले रंग का उभार
अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी के अनुसार, पलकों पर या उसके पास पीले रंग की वृद्धि को जैंथेलाजमा के नाम से जाना जाता है। आमतौर पर यह समस्या तब होती है जब त्वचा के नीचे कोलेस्ट्रॉल का जमाव होने लगता है। वैसे तो जैंथेलाजमा को बहुत हानिकारक नहीं माना जाता है हालांकि कोलेस्ट्रॉल संबंधी ये लक्षण हृदय रोग का भी संकेत हो सकते हैं, जिनको लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। आंखों या उसके आसपास किसी भी तरह का उभार दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
आईरिस के आसपास पीला-सफेद रंग का रिंग दिखना
जैंथेलाजमा के अलावा आईरिस के चारों ओर पीला-सफेद रिंग दिखाई देना भी शरीर में कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने का संकेत माना जाता है। इस स्थिति को कॉर्नियल आर्कस के नाम से जाना जाता है। मायो क्लिनिक के मुताबिक वृद्ध लोगों में यह समस्या आम है। यह कॉर्निया के किनारे में लिपिड जमा होने के कारण होता है। आंखों में इस तरह के बदलाव नजर आते ही डॉक्टर से संपर्क करके कोलेस्ट्रॉल की जांच करा लेनी चाहिए।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
अमर उजाला से बातचीत में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ वर्तिका नागपाल बताती हैं, आंखों की सेहत का ख्याल रखना बहुत आवश्यक है। इसमें दिखने वाले किसी भी तरह के असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे बदलाव सिर्फ आंख ही नहीं शरीर के भीतर बढ़ रही कई अन्य समस्याओं का भी संकेत हो सकते हैं। जैसे कि आपने कोलेस्ट्रॉल के संकेतों के बारे में पढ़ा। आंखों में होने वाली किसी भी तरह की समस्या या कुछ भी असामान्य बदलाव को लेकर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।