स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि शरीर को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से फलों-सब्जियों का सेवन करना विशेष लाभदायक माना जाता है। यही कारण है कि सभी लोगों को आहार में मौसमी फलों और सब्जियों का सेवन सुनिश्चित करने की सलाह दी जाती है। सर्दियों के इस मौसम में अंगूर बहुतायत मात्रा में उपलब्ध होते हैं। तमाम अध्ययनों में इस फल के सेवन को सेहत के लिए विशेष लाभदायक बताया गया है। अंगूर कई तरह के पोषक तत्वों, एंटीऑक्सिडेंट्स और फाइबर से भरपूर माना जाता है, ऐसे में नियमित रूप से इस फल का सेवन करना आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है।
आज का हेल्थ टिप्स: अंगूर का सेवन सेहत के लिए है विशेष लाभदायक, इन बीमारियों का कम हो जाता है जोखिम
प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए फायदेमंद
कोरोना के इस दौर में हम सभी उन चीजों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन कर रहे हैं जो इम्युनिटी पावर को बढ़ाने में मदद करती हों। ऐसे में अंगूर खाना बेहतर विकल्प हो सकता है। विटामिन-सी की उच्च मात्रा के साथ अंगूर में एंटीऑक्सिडेंट गुण भी होते हैं जो आपकी कोशिकाओं को हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस से बचाने में मदद करते हैं। कई अध्ययनों से पता चलता है कि विटामिन-सी का सेवन करने वाले लोगों को सामान्य सर्दी और कई तरह के अन्य संक्रमणों का खतरा कम होता है।
वजन को कम करने में फायदेमंद
वजन कम करने की कोशिश में लगे लोगों के लिए भी अंगूर खाना फायदेमंद माना जाता है। इसमें वजन घटाने से जुड़े कई गुण होते हैं। विशेष रूप से अंगूर में मौजूद फाइबर की मात्रा पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करती है, जिससे अतिरिक्त खाने की इच्छा नहीं होती है। अंगूर में कैलोरी कम और पानी की मात्रा अधिक होती है जो वजन कम करने में आपके लिए काफी सहायक मानी जाती है। अधिक वजन वाले 91 लोगों पर किए गए अध्ययन में पाया गया कि भोजन से पहले ताजे अंगूर का सेवन करने वाले लोगों में वजन बढ़ने की समस्या कम होती है।
हृदय रोगों के लिए भी फायदेमंद
हृदय रोगों के खतरे को कम करने में अंगूर के सेवन को अध्ययनों में लाभदायक माना जाता है। नियमित रूप से अंगूर का सेवन उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल जैसे हृदय रोग के जोखिम कारकों को कम करके हृदय स्वास्थ्य में सुधार करता है। अध्ययन में पाया गया है कि जिन लोगों ने छह सप्ताह तक रोजाना तीन बार अंगूर का सेवन किया उनके रक्तचाप में महत्वपूर्ण कमी देखी गई। अंगूर का सेवन गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ावा देने में भी फायदेमंद माना जाता है। अंगूर में मौजूद महत्वपूर्ण पोषक तत्व दिल को कार्यों को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।