आयुर्वेद, दुनिया की सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों में से एक है। इसमें प्रयोग में लाई जाने वाली कई जड़ी-बूटियों को बेहद कारगर माना जाता है, जो कि तमाम तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में लाभदायक हो सकती है। कोरोना के इस दौर में दुनियाभर में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति काफी चर्चा में है। माना जाता रहा है कि कई जड़ी-बूटियों का नियमित रूप से सेवन करने से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है, साथ ही कई प्रकार के रोगों और संक्रमण से शरीर की रक्षा हो सकती है। गिलोय ऐसी ही एक औषधि है जिसे कोरोना के इस दौर में सबसे ज्यादा प्रयोग में लाया जा रहा है।
आज का हेल्थ टिप्स: आयुर्वेद में 'दिव्य' मानी जाती है यह औषधि, डायबिटीज से लेकर इम्युनिटी बढ़ाने तक में लाभदायक
इम्युनिटी बढ़ाने वाली औषधि
आयुर्वेद विशेषज्ञों के मुताबिक गिलोय या गुडुची उन जड़ी-बूटियों में से है जिसे प्रतिरक्षा में सुधार करने में सबसे कारगर माना जाता है। रिपोर्ट्स से पता चलता है कि कोरोना से पीड़ित लोगों ने भी गिलोय का सेवन करके स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। गिलोय एक प्राकृतिक एंटी-इंफ्लामेटरी, एंटी-बायोटिक, एंटी-एजिंग, एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-वायरल, एंटी-डायबिटिक और एंटी-कैंसर दवा है। शरीर की इम्युनिटी को बढ़ावा देने में गिलोय को बेहद कारगर माना जाता है।
पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद
विशेषज्ञों के मुताबिक पाचन में सुधार और आंत से संबंधी समस्याओं के इलाज में गिलोय बहुत फायदेमंद है। इसमें फाइबर की मात्रा पाई जाती है जो मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ पाचन को ठीक रखने में सहायक है। गिलोय का नियमित रूप से संयमित मात्रा में सेवन करना पाचन के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है।
डायबिटीज रोगियों के लिए लाभदायक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है, उन्हें नियमित रूप से गिलोय का सेवन करने से लाभ मिल सकता है। गिलोय एक हाइपोग्लाइकेमिक एजेंट के रूप में कार्य करता है और मधुमेह (विशेष रूप से टाइप 2 मधुमेह) के इलाज में मदद कर सकता है। गिलोय का रस उच्च रक्त शर्करा के स्तर को कम करने में अद्भुत रूप से काम करता है।
तनाव और चिंता को कम करने में सहायक
गिलोय को एडाप्टोजेनिक जड़ी बूटी के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। यह मानसिक तनाव के साथ-साथ चिंता को कम करने में मदद करता है। विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालने, याददाश्त को बढ़ाने, मन को शांत करने में यह औषधि उत्कृष्ट रूप से काम करती है। गिलोय का सेवन करना मानसिक स्वास्थ्य के लिए विशेष लाभदायक हो सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।