कैंसर, दुनियाभर में मृत्यु का कारण बनने वाली प्रमुख बीमारियों में से एक है। समय के साथ वैज्ञानिक इसके अत्याधुनिक उपचार के बारे में जानने के लिए लगातार प्रयासरत है। हालांकि अभी भी न सिर्फ इसका इलाज काफी जटिल, साथ ही महंगा भी है। यही कारण है कि सभी लोगों को अपने जीवनशैली और आहार को ठीक रखने की सलाह दी जाती है जिससे कैंसर जैसे जानलेवा रोगों के जोखिम को कम किया जा सके।
अमेरिकन कैंसर इंस्टीट्यूट की सलाह: इन फलों से कम कर सकते हैं कैंसर का जोखिम, क्या आपने आजमाया?
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
एआईसीआर के शोधकर्ताओं में से एक डॉ नवीद सालेह (एमडी) बताते हैं, अनुसंधान से पता चलता है कि विभिन्न प्रकार की सब्जियों, फलों, साबुत अनाज, बीन्स और अन्य पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों में कैंसर के जोखिम को कम करने वाले गुण मौजूद हो सकते हैं। प्रयोगशाला अध्ययनों में पाया गया है कि कई प्रकार के खनिज, विटामिन, और फाइटोकेमिकल्स कैंसर रोधी गुणों से भरपूर हो सकते हैं, जिनका सेवन करना इस गंभीर रोग के खतरे को कम कर सकता है। आइए ऐसे ही कुछ फलों के बारे में जानते हैं।
अंगूर का सेवन करना हो सकता है लाभदायक
एआईसीआर के अनुसार अंगूर में बायोएक्टिव कंपाउंड बर्गमोटिन पाया जाता है, जिसे कैंसर रोधी प्रभावों के लिए जाना जाता है। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ मॉलिक्यूलर साइंसेज में प्रकाशित एक समीक्षा में लेखकों ने बताया कि अंगूर में फुरानोकौमरिन भी पाया जाता है जो एंटी-ऑक्सीडेटिव, एंटी-इंफ्लेमेटरी और कैंसर-रोधी गुणों को बढ़ावा दे सकता है।
अनार खाएं, लाभ पाएं
हार्वर्ड के डॉक्टरों के मुताबिक अनार का सेवन, जीवन को स्वस्थ रखने में सबसे सहायक हो सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक द्वारा प्रकाशित अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया कि अनार का सेवन न सिर्फ बेहतर इम्यूनिटी के लिए सहायक हो सकता है साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट, प्रदूषण और सिगरेट के धुएं जैसे पर्यावरणीय विषाक्त पदार्थों से कोशिकाओं की रक्षा करने में मदद करते हैं। यह डीएनए क्षति को भी रोकते हैं।
ब्लूबेरी है कई गुणों से भरपूर
अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर रिसर्च (एआईसीआर) के अनुसार, ब्लूबेरी में कई फाइटोकेमिकल्स और पोषक तत्व होते हैं। प्रयोगशाला अध्ययनों में इसमें कैंसर रोधी प्रभावों के बारे में पता चलता है। कई अध्ययनों में पाया गया है कि ब्लूबेरी खाने से रक्त में एंटीऑक्सीडेंट की गतिविधि बढ़ती है, साथ ही यह डीएनए क्षति को रोकने की क्षमता भी सहायक हो सकती है। पराबैंगनी विकिरण के लंबे समय तक संपर्क के कारण ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस, त्वचा कैंसर के जोखिम को बढ़ा देती है, ब्लूबेरी को इसमें भी फायदेमंद पाया गया है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।