देश के अधिकतर राज्य इन दिनों भीषण गर्मी-लू की चपेट में हैं। बढ़ते तापमान को स्वास्थ्य विशेषज्ञ सेहत के लिए काफी हानिकारक मानते हैं। गर्मी-लू के कारण ब्लड प्रेशर लो होने के साथ, हृदय गति में परिवर्तन, बेहोशी-चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
Heatwave: गर्मी से कोई हो जाए बेहोश तो बिल्कुल न करें ये गलती वरना गंभीर हो सकती है स्थिति
गर्मी के कारण बेहोशी-चक्कर आने पर क्या करें?
स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक्स पर किए एक पोस्ट में बताया गर्मी के कारण बेहोशी-चक्कर आने जैसी दिक्कत महसूस हो रही है तो सबसे पहले शरीर को निर्जलीकरण की समस्या से बचाने के लिए पानी पिलाएं। संभव हो तो कपड़े उतार दें और तुरंत ठंडे स्थान पर जाएं। बेहोशी-चक्कर आने के अधिकतर मामले शरीर के डिहाइड्रेट होने और शरीर का तापमान सामान्य से अधिक हो जाने के कारण होते हैं। ऐसे में इन उपायों से काफी हद तक आराम मिल सकता है।
बेहोश व्यक्ति को न पिलाएं पानी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ध्यान रहे बेहोश व्यक्ति कुछ भी निगलने में असमर्थ होता है, ऐसे में उसे जबरदस्ती कुछ भी खिलाने-पिलाने से बचना चाहिए। बेहोशी की स्थिति में भोजन या तरल पदार्थ पेट के बजाय फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं, जिससे श्वसन संबंधी परेशानी बढ़ने का खतरा रहता है।
बेहोश व्यक्ति के हृदय गति और ब्लड प्रेशर की जांच करें, अगर ये बहुत बढ़ा हुआ या कम लग रहा है तो तुरंत उसे डॉक्टर के पास ले जाना चाहिए।
वायुमार्ग-सांस न होने पाए बाधित
बेहोश व्यक्ति के वायुमार्ग में कोई समस्या न आए और वो सही तरीके से सांस लेता रहे इसके लिए ठुड्डी को ऊपर उठाकर और सिर को एक तरफ थोड़ा झुका दें। सुनिश्चित करें कि बेहोश व्यक्ति अच्छी तरह से सांस ले रहा हो। यदि उसे सांस लेने में कोई दिक्कत है तो आवश्यकतानुसार सीपीआर दी जा सकती है। सामान्य उपचारों की मदद से भी यदि लक्षणों में कोई आराम नहीं मिल रहा है और व्यक्ति होश में नहीं आ रहा है तो बिना देर किए उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं।
गर्मियों में चक्कर आने-बेहोशी से कैसे बचें
डॉक्टर द्वारा दिए गए कुछ सुझावों का पालन करके गर्मियों में चक्कर आने-बेहोशी से बचा जा सकता है।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीना सुनिश्चित करें। पानी से भरपूर फलों-सब्जियों का भी सेवन जरूर करें।
- अत्यधिक चाय या कॉफी पीने से बचें। इनसे निर्जलीकरण का खतरा हो सकता है।
- ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) लेते रहें। शरीर के तरल पदार्थों को जल्दी से पूरा करने में इससे मदद मिल सकती है।
- गर्मियों में नारियल पानी और नींबू पानी जैसे पेय का सेवन जरूर करते रहें।
- जितना संभव हो सके सूरज के संपर्क में आने से बचें, खासकर दोपहर के दौरान।
- सूती, ढीले-ढाले और हल्के कपड़े पहनें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।