भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बुधवार से लेकर अगले कुछ दिनों तक शीत लहर चलने और तापमान काफी कम रहने की सूचना दी है। इन इलाकों में दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ शामिल हैं जहां बीते कुछ दिनों से तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने सुबह के समय खुली जगहों पर न जाने की सलाह दी है। इसके साथ ही स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ऐसा करने पर हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। हाइपोथर्मिया होने पर आपका शरीर एक असामान्य रूप से कम तापमान पर पहुंचने के बाद काम करना बंद कर देता है। वहीं, फ्रॉस्टबाइट यानी ठंड से शरीर के कुछ हिस्से जैसे कि पैर की उंगलियां, हाथों की उंगलियां, चेहरा और पलकें आदि सुन्न हो सकती हैं।
सर्दियों में शराब पीना क्या अधिक जानलेवा हो सकता है? मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग की खास चेतावनी
मौसम विभाग ने अपनी निर्देशिका में शराब नहीं पीने की सलाह भी दी है, क्योंकि मौसम विभाग के मुताबिक, शराब पीने से शरीर का तापमान गिरता है। बीबीसी ने इस बारे में भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव से बात करके ऐसी चेतावनी जारी करने की वजह पूछी। श्रीवास्तव बताते हैं, 'दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में अभी शीत लहर की समस्या चल रही है। ऐसे में तापमान चार डिग्री या उससे कम दर्ज किया जा रहा है। इस स्थिति में आपको सुबह के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। वहीं, अगर सफर कर रहे हैं तो सुबह के समय धुंध की वजह से विजिबिलिटी भी कम रहती है। ऐसे में फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और गाड़ियां धीमे चलाएं और इस दौरान शराब न पिएं, क्योंकि वो शरीर का तापमान और गिराता है।'
शराब न पीने की चेतावनी क्यों?
मौसम विभाग इससे पहले 25 तारीख को जारी अपनी निर्देशिका में भी शराब न पीने की हिदायत दे चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मौसम विभाग ऐसी चेतावनी क्यों दे रहा है। बीबीसी ने जब ये सवाल पूछा तो कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया, 'इस पहलू पर मेडिकल क्षेत्र के विशेषज्ञों ने शोध किया है और उसके आधार पर ही आईएमडी ये चेतावनी जारी कर रहा है।'
दुनिया में कई मुल्क ऐसे हैं जहां तापमान बेहद कम मतलब दस डिग्री से लेकर माइनस बीस से तीस डिग्री के बीच रहता है, लेकिन वहां शराब का उपभोग कहीं ज्यादा रहता है। इनमें रूस, बेलारूस और लिथुआनिया जैसे देश आते हैं, जहां तामपान बेहद कम रहता है। ये देश दुनिया में शराब उपभोग के मामले में सबसे ऊपर हैं। इसके साथ ही एक आम धारणा ये है कि शराब पीने से शरीर में गर्माहट आती है। ऐसे में सवाल उठता है कि आईएमडी की इस चेतावनी में कितना दम है कि सर्दियों में शराब पीने से बचना चाहिए। बीबीसी ने इस मामले की तह में जाने के लिए मेडिकल क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों से बात की ताकि ये समझा जा सके कि सर्दियों में शराब पीने पर आपके शरीर में क्या होता है।
क्या कहता है विज्ञान?
इंसानी शरीर का मूल तापमान 37 डिग्री सेल्सियस होता है, लेकिन जब आपके आसपास का तापमान घटने लगता है तो शरीर ऊर्जा का इस्तेमाल अपने मूल तापमान को बनाए रखने के लिए करता है। लेकिन जब शरीर का तापमान तय सीमा से नीचे गिरने लगता है तो आप हाइपोथर्मिया के शिकार होते हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर, पंजाब, हरियाणा में इस वक्त जो तापमान है, उसमें ज्यादा देर तक रहने पर हाइपोथर्मिया के शिकार हो सकते हैं। सरल शब्दों में कहें तो जब शरीर का कोर टेंपरेचर एक सीमा से ज्यादा गिरने लगता है तो आप हाइपोथर्मिया के शिकार होने लगते हैं।