मेडिकल साइंस में मस्तिष्क को हमारे शरीर का सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट (सीपीयू) माना जाता है। शरीर की छोटी से बड़ी हर गतिविधि का संचालन यहीं से होता है। हालांकि उम्र के साथ दिमाग की शक्ति कमजोर होने लगती है। बढ़ती उम्र के साथ याददाश्त की कमजोरी, एकाग्रता और ध्यान में कमी, निर्णय लेने की क्षमता में गिरावट और पार्किंसन-अल्जाइमर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। पर ऐसा भी नहीं है कि यह बीमारियां कम उम्र में नहीं हो सकती हैं। पिछले कुछ वर्षों में 40 से कम की आयु वाले लोगों में भी इस तरह की समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
सेहत की बात: चाहते है तेज दिमाग और बेहतर याददाश्त? शोधकर्ताओं ने बताया इसके लिए सबसे बेहतर डाइट-प्लान
स्वस्थ दिमाग के लिए मछली का करें सेवन
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक दिमाग की क्षमता को बेहतर बनाए रखने के लिए मछली खाना आपको लाभ दे सकता है। मस्तिष्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा फैट से बना होता है और उस फैट का आधा हिस्सा ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है। ओमेगा -3 फैटी एसिड एक प्रकार का प्रोटीन स्रोत है जो एक मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है। मछली का सेवन इस ओमेगा -3 फैटी एसिड की आवश्कताओं की पूर्ति कर सकता है। आहार में मछली को शामिल करने से न सिर्फ याददाश्त शक्ति बढ़ाती है, साथ ही यह दिमाग को स्वस्थ रखने के लिए बहुत फायदेमंद है।
कॉफी पीने के हैं कई फायदे
अगर आपको लगता है कि कॉफी पीना नुकसानदायक है, तो इसके फायदों के बारे में भी जान लीजिए। कॉफी में 2 मुख्य घटक होते हैं- कैफीन और एंटीऑक्सिडेंट। कॉफी एडीनोसिन नामक एक रासायनिक संदेशवाहक को अवरुद्ध करके आपकी सतर्कता शक्ति को बढ़ा देती है। एडीनोसिन बढ़ने के कारण आप अक्सर नींद जैसा महसूस करते रहते हैं। कई अध्ययनों से पता चला है कि दिन में 3-4 कप कॉफी पीने से पार्किंसंस और अल्जाइमर जैसी न्यूरोलॉजिकल बीमारियों का जोखिम कम होता है।
नट्स और सीड्स, स्वस्थ दिमाग के लिए जरूरी
दिमाग को स्वस्थ और अलर्ट रखने के लिए आहार में नट्स और सीड्स को जरूर शामिल करें। ये एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन-ई के अच्छे स्रोत माने जाते हैं, जो उम्र बढ़ने के साथ संज्ञानात्मक क्षमता में कमी को रोकने में सहायक हो सकते हैं। विशेष-तौर पर अखरोट का सेवन मस्तिष्क के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि जो लोग नियमित रूप से सूखे मेवों का सेवन करते हैं उनका दिमाग बुढ़ापे तक तेज और अलर्ट बना रहता है।
डार्क चॉकलेट
डार्क चॉकलेट खाने के कई तरह के लाभ हैं, इसमें से मस्तिष्क का बेहतर स्वास्थ एक है। डार्क चॉकलेट में शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट के साथ फ्लेवोनोइड्स (एंटीऑक्सीडेंट) जैसे मस्तिष्क को बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करने वाले यौगिक पाए जाते हैं। चॉकलेट में फ्लेवोनोइड्स की मात्रा, सीखने और याददाश्त से संबंधित हानि के जोखिम को कम करने के साथ कई तरह के मानसिक रोग के जोखिमों को कम करने में भी सहायक है।
--------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।