डॉ. रिचा अस्थाना
कोरोना वायरस संक्रमण पर जीत हासिल करने के लिए टीकाकरण को ही विशेषज्ञ सबसे प्रभावी उपाय मान रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है उनको अगर कोरोना का संक्रमण हो भी जाता है तो वह इसके गंभीर प्रभाव से सुरक्षित माने जा सकते हैं। कोरोना पर विजय प्राप्त करने के लिए एक मई से अब 18 साल या उससे अधिक आयु वाले लोगों को भी टीका दिया जाएगा। हालंकि कोरोना की वैक्सीन को लेकर लोगों के मन में तमाम प्रकार के सवाल आ रहे हैं, ऐसा ही एक सवाल है कि 'क्या डायबिटीज के रोगी कोरोना की वैक्सीन लगवा सकते हैं?' टीका लगवाने के बाद उन्हें किसी तरह की दिक्कत तो नहीं होगी?
आइए इस बारे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों से जानते हैं।
विशेषज्ञ से जानें: क्या डायबिटीज रोगी लगवा सकते हैं कोरोना की वैक्सीन? किन बातों का रखना होगा ध्यान
डायबिटीज के रोगियों के लिए वैक्सीन लगवाना सही है?
इस सवाल के जवाब में एम्स की डॉ. रिचा अस्थाना (एमबीबीएस, एमडी) कहती हैं कि वैक्सीन आपको कोरोना वायरस से मुकाबले की शक्ति देती है। टीका लगवा लेने के बाद आपको वायरस के कारण होने वाली गंभीर समस्याओं का डर कम हो जाता है, ऐसे में सभी लोगों को यह वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए। हां कुछ स्थितियों में विशेष सावधानी की भी जरूरत हो सकती है।
डॉ. रिचा अस्थाना कहती हैं कि यदि आप डायबिटीज से ग्रसित हैं तो वैक्सीन लगाने से आपको कोई दिक्कत होने का डर नहीं है। बस ध्यान रखें कि आपकी स्थिति स्टेबल हो यानी की शुगर का लेवल ज्यादा बढ़ा या घटा न हो। इसके अलावा यदि आप शुगर की कोई दवा खा रहे हैं तो वैक्सीन लगवाने जाने से पहले भी इन दवाइयों का सेवन कर सकते हैं।
वैक्सीन लेने के बाद आपको कोई दिक्कत नहीं होती है, इसलिए वैक्सिनेशन के बाद कोई विशेष सावधानी की भी जरूरत नहीं है। हां, वैक्सीन लेने के बाद आपको तरल पदार्थों का सेवन अधिक करना चाहिए। जिस दिन वैक्सीन लें, उस दिन पूरा आराम करें, मादक पदार्थों का सेवन न करें।
उजाला सिग्नस सोनीपत के क्रिटिकल केयर एक्सपर्ट डॉ. जितेंद्र नासा कहते हैं कि वैक्सीन लेना पूरी तरह से सुरक्षित है, इससे आपको बिल्कुल भी डरने की जरूरत नहीं है। वैक्सीन लेने के बाद कुछ लोगों में हल्के लक्षण देखे जा रहे हैं जोकि सामान्य हैं। शरीर में किसी भी तरह के एंटीजन जाने पर इस तरह की प्रतिक्रिया होना सामान्य है। सभी लोगों को टीका लगवाना चाहिए।