भारत में कोरोना संक्रमण के अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 3.32 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं 2,263 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय साधारण बीमा निगम, कर्मचारी चयन आयोग और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने कुल 3766 पदों पर भर्ती के लिए प्रस्तावित परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। मौजूदा हालातों को मद्देनजर रखते हुए इन परीक्षाओं को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। अब इनकी अगली तारीखों का एलान समीक्षा बैठक के बाद किया जाएगा। अगर आप भी इन तीनों परीक्षाओं में से किसी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, तो आपको लिए इनसे संबंधित यह महत्वपूर्ण अपडेट जानना जरूरी है। पढ़िए...
कोरोना का कहर: स्थगित हुई 3766 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली ये तीन परीक्षाएं
जीआईसी: स्थगित हुई 9 मई को आयोजित होने वाली असिस्टेंट मैनेजर परीक्षा
भारतीय साधारण बीमा निगम ने 9 मई 2021 को आयोजित होने वाली असिस्टेंट मैनेजर (स्केल 1 ऑफिसर) परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह जानकारी जीआईसी ने आधिकारिक वेबसाइट, gicofindia.com पर एक अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी कर निगम ने बताया है कि वर्तमान में महामारी की स्थिति को देखते हुए असिस्टेंट मैनेजर (स्केल 1) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन परीक्षा को अगले आदेश तक टाल दिया गया है। हालांकि, अब परीक्षा स्थगित किए जाने के बाद, परीक्षा की नई तारीख और एडमिट कार्ड के संबंध में अलग से सूचना दी जाएगी।
एसएससी: आयोग ने भर्ती परीक्षा 2019 के पेपर II को किया स्थगित
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने अधिसूचना जारी कर दिल्ली पुलिस, सीएपीएफ में सब इंस्पेक्टर और सीआईएसएफ में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2019 - पेपर II की परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट, ssc.nic.in पर जारी अधिसूचना के मुताबिक, 8 मई 2021 को आयोजित की जाने वाली एसआई व एएसआई पेपर II परीक्षा को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 1564 पदों पर आवेदकों की भर्ती की जाएगी।
डीआरडीओ: 1817 पदों पर भर्ती के हाेने वाली परीक्षा स्थगित
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के 1817 पदों पर भर्ती के लिए होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया है। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के मुताबिक पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का आयोजन देश भर के 42 शहरों में किया जाना था। लेकिन, पूरे देश में कोरोना संक्रमण की वर्तमान परिस्थिति और रोकथाम के लिए विभिन्न राज्यों में लगाए जा रहे लॉकडाउन के मद्देनजर डीआरडीओ के सेंटर फॉर पर्सोनेल टैलेंट मैनेजमेंट (सीईपीटीएम) द्वारा यह घोषणा की गई है।