Manmohan Singh Funeral: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करने का निर्णय किया है। उनके परिवार को इस बारे में जानकारी भी दी गई है। इसके साथ ही भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने 'सुपर प्राइम मिनिस्टर' और अध्यादेश फाड़े जाने के वाकये का जिक्र कर राहुल गांधी को खूब खरी-खोटी सुनाई।
2 of 8
मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
- फोटो : PTI
कहां से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर देश के पहले सिख प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए उचित और सम्मानजनक स्थान नहीं देने का आरोप लगाया। कांग्रेस की मांग थी कि अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाना चाहिए था, जहां बाद में उनका स्मारक बनाया जा सके।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और केंद्र की एनडीए सरकार ने मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री का सरासर अपमान किया है।
3 of 8
मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
- फोटो : PTI
भाजपा अध्यक्ष ने किया पलटवार
इस बीच जेपी नड्डा ने कांग्रेस के आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पूर्व प्रधानमंत्री के दुखद निधन पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस की ऐसी ओछी सोच की जितनी भी निंदा की जाए, कम है। कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को उनके जीवित रहते कभी वास्तविक सम्मान नहीं दिया। वह अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है।
4 of 8
डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
- फोटो : PTI
मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित की है और उनके परिवार को इसके बारे में सूचित भी किया है। इसके बावजूद कांग्रेस झूठ फैला रही है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के अन्य नेताओं को इस तरह की घटिया राजनीति से बाज आना चाहिए।
'गांधी परिवार ने अपने अलावा किसी को सम्मान नहीं दिया'
भाजपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सोनिया गांधी को सिंह के ऊपर सुपर प्राइम मिनिस्टर बनाकर प्रधानमंत्री के पद को कलंकित और अपमानित किया। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, जिस तरह से राहुल गांधी ने अध्यादेश फाड़कर मनमोहन सिंह का अपमान किया, उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने अपने अलावा किसी को सम्मान नहीं दिया। गांधी परिवार ने मनमोहन सिंह या किसी भी नेता के साथ न्याय नहीं किया फिर चाहे वे कांग्रेस से हों या अन्य दलों से। उन्होंने बीआर आंबेडकर, भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, पूर्व प्रधानमंत्रियों लाल बहादुर शास्त्री, पीवी नरसिम्हा राव और अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और सीताराम केसरी का उदाहरण दिया। सोनिया गांधी ने तो राव का स्मारक बनाने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था।