नूपुर के घर हल्दी का फंक्शन था। उसने ध्यान दिया कि फंक्शन में आई ज्यादातर महिलाओं ने सुई-धागा इयररिंग्स पहने थे, जो कि उनके लुक पर खासे जंच रहे थे।
नूपुर की बहन स्मिता ने उसे बताया कि फैशन की दुनिया में सुई-धागा इयररिंग ट्रेंड एक समय बहुत लोकप्रिय हुआ था और अब फिर से लौटकर आया है, वह भी ढेर सारे हल्के, भारी और खूबसूरत डिजाइन्स में, जिनको महिलाएं रोजमर्रा के साथ-साथ पार्टी लुक के लिए भी कैरी कर रही हैं।
बेला लिफी
इस डिजाइन के सुई-धागा इयररिंग काफी बारीकी से तैयार किए जाते हैं और आपको आकर्षक तथा क्लासी लुक देते हैं। इन पर पत्तों का आकार उकेरा जाता है और साथ ही डायमंड भी लगा होता है। ये इयररिंग हर मौके के लिए बेहतरीन विकल्प होते हैं। आप इनको अपनी मनपसंद धातु और डिजाइन में खरीद सकती हैं।
क्लिप-ऑन
ये इयररिंग उन महिलाओं के लिए उपयुक्त हैं, जो कानों में छेद कराए बगैर इयररिंग पहनकर अपना शौक पूरा करना चाहती हैं। इनको बनाया ही इस तरह जाता है कि आप आसानी से अपने कान पर हल्का दबाव देकर इसे पहन सकें। सोने में बने क्लिप-ऑन सुई-धागा इयररिंग बेहद स्टाइलिश और कंफर्टेबल होते हैं।
एविल आई
एविल आई ब्रेसलेट्स और एंकलेट्स के बाद अब बाजार में एविल आई इयररिंग्स भी दस्तक दे चुके हैं। अगर आप इस डिजाइन से खासा प्रभावित हैं और कुछ हटकर पहनना चाहती हैं तो यकीन मानिए, एविल आई सुई-धागा इयररिंग आपके लिए एकदम परफेक्ट चॉइस हैं। किसी भी पार्टी या उत्सव में आप इनको पहनकर अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के बीच आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं।
बटरफ्लाई
हर तरह के डिजाइन में बटरफ्लाई इयररिंग्स हमेशा से पसंद किए जाते रहे हैं। सुई-धागा डिजाइन में भी महिलाओं को ये खासे भा रहे हैं। इनको अलग-अलग रंगों के पर्ल और डिजाइन के साथ बनाया जा रहा है। ये इयररिंग किसी को गिफ्ट करने या खुद पहनने के लिए एक बेहतर विकल्प हैं। इन पर बारीकी से तितली का आकर उकेरा जाता है, जो देखने में बेहद लुभावना लगता है। साथ ही ये बहुत आरामदायक भी होते हैं।
स्वर्ल पर्ल डायमंड
ट्विस्टेड पास्ता के आकार में बने ये इयरिंग्स भी महिलओं की पसंद बने चुके हैं और इस समय ट्रेंड में हैं। ये ऊपर से ट्विस्टेड होते हैं और इनके नीचे एक मोती लगा होता है। बाजार में ये इयररिंग डायमंड और गोल्ड के साथ ही आर्टिफिशियल भी उपलब्ध हैं। ये देखने में बहुत आकर्षक लगते हैं और साड़ी, सूट तथा वेस्टर्न आउटफिट, सभी के साथ खासे जंचते हैं।
पर्ल ड्रॉप
ये इयररिंग इतने मशहूर हो चुके हैं कि अब इसे सुई-धागा डिजाइन में भी बनाना शुरू कर दिया गया है। इस इयररिंग का ऊपरी भाग सादा होता है और आखिर में इनके बीचो-बीच सफेद रंग का गोल-सा एक मोती लटका होता है। मॉडर्न स्टाइल में तैयार इन इयररिंग्स को लड़कियां अधिक पसंद करती हैं। इनको ट्रेडिशनल और मॉडर्न, दोनों ही तरह के कपड़ों के साथ पहना जा सकता है।
हूप स्टाइल
अगर आप फंकी और बोल्ड लुक चाहती हैं तो हूप इयरिंग्स आपके लिए परफेक्ट हैं। ये लड़कियों में भी बहुत लोकप्रिय हैं। इनके अलग-अलग आकार-प्रकार मन लुभावने हैं और स्टाइलिश भी। ये आपको नया लुक देने में कारगर सिद्ध होते हैं। अगर अभी तक आपने इनको ट्राई नहीं किया है तो अब कर सकती हैं और अपने लुक को खास बना सकती हैं।