'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' की मुख्य कलाकार तुनिशा शर्मा ने 24 दिसंबर के दिन आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से टेलीविजन जगत के सभी लोग हैरान हैं। तुनिशा की आत्महत्या मामले में पूर्व प्रेमी और 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल’ में सह कलाकार शीजान खान को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब शीजान खान की बहनों शफाक नाज और फलक नाज ने बयान जारी किया। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि उनके परिवार की निजता का ख्याल रखा जाए।
Tunisha Sharma Death Case: 'हमारी चुप्पी को कमजोरी न समझें' तुनिशा केस पर फूटा शीजान की बहनों का गुस्सा
तुनिशा आत्महत्या मामले में शीजान खान की गिरफ्तारी के बाद उनकी बहनों शफाक नाज और फलक नाज ने बयान जारी किया। उन्होंने लिखा है कि आप सभी इस गंभीर स्थिति में हमारी प्राइवेसी का ध्यान रखें।
हमारी प्राइवेसी का रखें ख्याल
बता दें कि शीजान की दोनों बहनें टेलीविजन अभिनेत्रियां हैं। शफाक ने पौराणिक शो महाभारत में कुंती का अभिनय किया था। वहीं, फलक कई सीरियल्स में काम कर चुकी हैं और ससुराल सिमर में वह नोटिस की गईं। दोनों ने कहा, 'जितना हर कोई कहानी का दूसरे पक्ष जानने के लिए उत्सुक है, हम भी उतने ही उत्सुक है। हालांकि, अभी हम चाहते हैं कि आप सभी इस गंभीर स्थिति में हमारी निजता का ख्याल रखें। इस मामले में दोनों ही परिवार पीड़ित हैं। सही समय आने दें और हम सही समय पर आपको जानकारी जरूर देंगे, लेकिन यह सही समय नहीं है। मौत दर्दनाक स्थिति है। हर किसी को प्रभावित परिवार की निजता का सम्मान करना चाहिए। उन्हें शोक मनाने और अंतिम संस्कार करने के लिए स्पेस देने की जरूरत है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि हमने एक अनमोल शख्स को खो दिया और दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- Salman Khan: ‘दबंग’ खान की जन्मदिन पार्टी में शाहरुख ने गले लगाकर दी बधाई, तो संगीता को किस करते दिखे सलमान
निर्दोष को फंसाया गया
नोट में शीजान की बहनों ने आगे लिखा, उनके भाई के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को खुद फैसला लेने दीजिए। मुझे विश्वास है कि बिना दिमाग लगाए एक निर्दोष व्यक्ति को फंसाया गया है।
यह भी पढ़ें- Bhojpuri: आम्रपाली दुबे के ‘सैंयाजी सेल्फिश’ का धमाल, भोजपुरी की हीरोइनें भी दिग्गज गायकों से कम नहीं
तुनिशा की मां ने दर्ज कराई शिकायत
शीजान खान की बहनों के बयान से जाहिर होता है कि उनके भाई के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं और उन्हें यकीन है कि शीजान को फंसाया जा रहा है। दरअसल, तुनिशा शर्मा की मां के द्वारा दायर पुलिस शिकायत के आधार पर शीजान पर आईपीसी की धारा 306( यानी आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत आरोप लगाया गया है। जिसमें अधिकतम 10 साल की कैद की सजा होती है।
यह भी पढ़ें- Sushant Singh Rajput: सुशांत की बहन ने लगाई CBI जांच की गुहार, कूपर हॉस्पिटल के कर्मचारी के लिए मांगी सुरक्षा
सही समय आने पर बोलेंगे
उन्होंने लिखा कि यह स्थिति परिवार के सदस्यों के लिए मुश्किल भरी है। हम इस समय पुलिस के साथ सहयोग करने और सच्चाई को सामने आने देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमें भारतीय न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। साथ ही, उम्मीद है कि हकीकत जल्द सामने आएगी और सच्चाई की जीत होगी। शीजान बहनों ने आगे लिखा कि कृपया हमारी चुप्पी को कमजोरी न समझें। समय आने पर हम अपनी बात रखेंगे।