बिग बॉस के 17वें दिन खान सिस्टर्स (सबा-सोमी) और वाइल्ड कार्ड से शो में एंट्री करने वाली कंटेस्टेंट सुरभि राणा के बीच बड़ा घमासान देखने को मिला। इस दौरान सुरभि राणा दोनों बहनों पर भारी पड़ी। यह सारा मामला मां की कसम को लेकर हुआ। ऐसे में सुरभि ने दोनों बहनों को बहुत लताड़ लगाई..
बता दें कि सुरभि को रिंग टास्क में भी सबा खान ने चिढ़ा-चिढ़ाकर परेशान कर दिया। ऐसे में सुरभि आपे से बाहर हो गईं और सबा को लगातार हड़काती रहीं। वहीं, सोमी भी एक तरफ से सुरभि को टारगेट कर रही थीं और उन्हें बदतमीज कहा। इसके बाद सुरभि शो में रोती हुई नजर आईं।
इससे पहले शो में झाड़ू को लेकर दीपक और जसलीन में फाइट देखने को मिली। जिस तरह से दीपक को घर में घेरा जा रहा है इससे यही साबित होता है कि घरवाले दीपक को आगे जाने से जरूर रोकते नजर आएंगे। बता दें कि शो के मुताबिक, दीपक और जसलीन में तू-तू मैं-मैं नजर आई। दरअसल, यह पूरा विवाद जसलीन से शुरू हुआ जब उन्होंने घर में सफाई करते वक्त दीपक के बिस्तर पर झाड़ू लगा दी।
इसके बाद दीपक ने जसलीन को तुरंत जवाब देना मुनासिब समझा। जसलीन के बिस्तर पर झाड़ू लगाते ही दीपक पूरी तरह से बौखला गए। ऐसे में जसलीन का भी पारा गरम हो गया और वह दीपक पर बरस पड़ीं। इसके थोड़ी देर बाद जसलीन के जोड़ीदार अनूप जलोटा वहां पहुंचे।
बता दें कि जिस तरह से घर में दीपक को घेरने की कोशिश की जा रही है उससे साफ जाहिर होता है कि दीपक घरवालों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहे हैं। अगर शो की ताजा अपडेट की बात करें तो इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए श्रीसंथ, सृष्टि रोडे, करणवीर बोहरा और अनूप-जसलीन की जोड़ी नॉमिनेट हुई है।