Sunny Deol Video Call: ‘जबरा फैन’ की खबर पढ़कर सनी देओल ने की वीडियो कॉल, बार बार आंसू पोछते दिखे अभिनेता
सनी देओल का ‘ढाई किलो का हाथ’ अब भारतीय सिनेमा की किंवदंती है। लेकिन, जो सनी को करीब से जानते हैं, वे ये भी जानते हैं कि वह दिल के बहुत ही कोमल इंसान हैं। दूसरों की मदद करने में हमेशा आगे रहने वाले सनी देओल ने सोमवार को ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित एक खबर पढ़ी, जिसके मुताबिक उनके संवादों की नकल करके एक ऐसे बच्चे ने चलना और बोलना सीख लिया, चिकित्सकों ने जिसके आजीवन बिस्तर पर रहने का अंदेशा जता दिया था।
अमर उजाला समाचार पत्र के दैनिक कॉलम ‘बिंदास’ में सोमवार को एक समाचार प्रकाशित हुआ, ‘सनी के संवादों ने बदल दी जिंदगी’। ये समाचार जापान की राजधानी टोक्यो में रहने वाले मनिंदर सिंह उप्पल का है, जिसमें बताया गया कि कैसे मनिंदर सिंह उप्पल ने सनी देओल की हिट फिल्मों के संवादों की नकल करने की कोशिश करते-करते अपने तंत्रिका तंत्र को मजबूत करना शुरू कर दिया। मनिंदर का पूरा परिवार सनी देओल की पूजा करता है। यह समाचार सनी देओल तक सोमवार सुबह ही पहुंच गया था।
सनी देओल की टीम के नीरज जोशी और अमित तुली ने उनके निर्देश पर मनिंदर से संपर्क करने की कोशिश की। ‘अमर उजाला’ ने ही इसके लिए मनिंदर की मां गगनदीप उप्पल और भाई जयदीप उप्पल के टोक्यो के नंबर सनी की टीम को उपलब्ध कराए। इसके बाद सनी देओल ने उप्पल परिवार से वीडियो कॉल पर सोमवार शाम बात की। वीडियो कॉल पर सनी देओल को देखते ही मनिंदर का चेहरा खिल गया।
मनिंदर के छोटे भाई जयदीप ने अपने भाई के बारे में सनी देओल को बताया और उसके बाद मनिंदर के माता और पिता ने भी सनी देओल से देर तक बात की। इस दौरान सनी देओल कई बार भावुक हुए और पूरी बातचीत में कई बार अपने आंसू पोछते नजर आए। सनी देओल ने उप्पल परिवार से वादा किया है कि वह जब भी जापान आएंगे तो मनिंदर से मिलने जरूर आएंगे। साथ ही उन्होंने मनिंदर के मुंबई आने पर उनसे मिलने का भी वादा किया।