प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन अभिनीत 'कल्कि 2898 एडी' कुछ दिनों में सिनेमाघरों में आने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हाल ही में फिल्म का नया ट्रेलर जारी हुआ था। वहीं, इसके पहले शो के बारे में भी कई जानकारियां सामने आ रही हैं। हाल ही में हुई फिल्म की भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'कल्कि 2898 एडी' के कई कलाकार पहुंचे थे। इसके साथ फिल्म के सर्टिफिकेट और रनटाइम का भी खुलासा हुआ था। वहीं अब फिल्म के थीम सॉन्ग को लेकर नई जानकारी सामने आई है।
Kalki 2898 AD: धूम मचाने को तैयार 'कल्कि 2898 एडी' का दूसरा गाना, मेकर्स ने साझा किया 'थीम ऑफ कल्कि' का पोस्टर
प्रभास की 'कल्कि 2898 एडी' की एडवांस बुकिंग कर्नाटक में शुरू हो चुकी है और शुरुआती प्रतिक्रिया बहुत जबर्दस्त है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच क्रेज बना हुआ है। तेलंगाना में आज शाम से एडवांस बुकिंग शुरू हो जाएगी। फिल्म की रिलीज की तारीख नजदीक आ रही है, इसलिए टीम कई प्रमोशनल एसेट्स लॉन्च करने की योजना बना रही है।
आज भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा, उत्तर प्रदेश में 'थीम ऑफ कल्कि' नामक एक नए गाने का अनावरण किया जाएगा। यह गाना कल यूट्यूब पर आएगा। टीम ने फिल्म के सभी सितारों के साथ एक इंटरव्यू शूट किया है, जिसे आज शाम को रिलीज किया जाएगा। 'कल्कि 2898 एडी' का बहुप्रतीक्षित दूसरा सिंगल 'थीम ऑफ कल्कि' मथुरा में एक भव्य कार्यक्रम में लॉन्च होने वाला है। फिल्म निर्माताओं, वैजयंती मूवीज ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पुष्टि की कि दूसरा सिंगल 'थीम ऑफ कल्कि' जल्द ही आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। प्रोडक्शन बैनर के सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, 'उत्तर प्रदेश में भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में कल्कि की थीम का अनावरण किया जा रहा है। गाना कल रिलीज होगा।'
Unveiling the #ThemeOfKalki at Lord Krishna’s birthplace, Mathura in Uttar Pradesh.
Song will be out Tomorrow.#Kalki2898AD @SrBachchan @ikamalhaasan #Prabhas @deepikapadukone @nagashwin7 @DishPatani @Music_Santhosh @VyjayanthiFilms @Kalki2898AD @saregamaglobal @saregamasouth… pic.twitter.com/5p2SZb9hbN
'कल्कि 2898 एडी' का दूसरा सिंगल कल सोमवार, 24 जून 2024 सुबह 11 बजे सोशल मीडिया पर रिलीज होने की उम्मीद है। इस पर आधिकारिक पुष्टि बहुत जल्द ही होने की उम्मीद है। लोकप्रिय संगीतकार संतोष नारायणन द्वारा रचित 'थीम ऑफ कल्कि' गाने में प्रभास और दीपिका के साथ-साथ बाकी स्टार कास्ट भी नजर आने की उम्मीद है। मथुरा में आयोजित होने वाले भव्य लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म के कलाकार और क्रू के सदस्य शामिल होंगे।
फिल्म नाग अश्विन द्वारा लिखित और निर्देशित है। वैजयंती मूवीज द्वारा निर्मित यह फिल्म भारत की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है। फिल्म के डायलॉग साई माधव बुर्रा ने लिखे हैं। संगीतकार संतोष नारायणन, छायाकार जोर्डजे स्टोजिलजकोविक और संपादक कोटागिरी वेंकटेश्वर राव तकनीकी टीम का हिस्सा हैं। वहीं, फिल्म के कलाकारों की बात करें तो नाग अश्विन द्वारा निर्देशित साइंस फिक्शन फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' प्रभास के साथ में कमल हासन, अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण, दिशा पाटनी और कई अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 27 जून को रिलीज होगी।