हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर देखा गया है की सभी कहानियां हीरो-हीरोइन के इर्द-गिर्द ही घूमती हैं। सपोर्टिंग किरदार कितने भी अच्छे क्यों ना हों, वो हीरो के आगे नहीं निकलते। पर जैसे-जैसे दर्शकों का रुझान बदल रहा है वैसे-वैसे फिल्मों के कई छोटे-मोटे किरदारों को ख्याति मिल रही है। कई किरदार तो ऐसे भी हुए हैं जो हीरो-हीरोइन के किरदार पर भारी पड़े हैं। टीवी से फिल्मों में कदम रखने वाले शरद केलकर को मंझा हुआ अभिनेता माना जाता है। हाल ही में वो अक्षय कुमार की फिल्म "लक्ष्मी" में किन्नर की भूमिका में नजर आये। "लक्ष्मी" फिल्म में पहली बार कोई सुपरस्टार किन्नर की भूमिका में नजर आया।
जब हीरो पर भारी पड़े ये साइड एक्टर्स, 'लक्ष्मी' बन शरद केलकर ने कर दी अक्षय की छुट्टी
फिल्म रिलीज से पहले अक्षय कुमार के इस साहस को बहुत सराहना मिली पर फिल्म कमजोर निकली। फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस किन्नर बने शरद केलकर के अभिनय ने इतना गहरा प्रभाव जेहन में छोड़ा कि दर्शकों को सिर्फ शरद केलकर ही याद रहे। साल की शुरुआत में आई अजय देवगन की हिस्टोरिकल फिल्म "तानाजी" में शरद केलकर ने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका भी निभाई थी। स्क्रीन पर कम समय होने के बावजूद दर्शकों पर शरद केलकर अपनी छाप छोड़ गए। फिल्म इंडस्ट्री में रणवीर सिंह अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। वो अक्सर दूसरे किरदारों पर हावी हो जाते हैं। पर पहली बार हुआ कि उनके अभिनय को किसी ने टक्कर दी।
2019 में भारत की ओर से ऑस्कर भेजी गई फिल्म गली बॉय में रणवीर सिंह के अभिनय को दर्शकों ने सराहा, पर फिल्म में एम सी शेर का किरदार निभाने वाले सिद्धांत चतुर्वेदी का अभिनय रणवीर सिंह के किरदार पर हावी रहा और सिद्धांत चतुर्वेदी ने दर्शकों से खूब वाह-वाही बटोरी। सिद्धांत चतुर्वेदी के अभिनय से ना सिर्फ दर्शक बल्कि फिल्म इंडस्ट्री भी प्रभावित हुई और अब वो कई बड़ी फिल्म में बतौर हीरो काम कर रहे हैं।
विशाल भरद्वाज की फिल्म "मकबूल" से अपना फिल्मी करियर शुरू करने वाले दीपक डोबरियाल ने कई यादगार किरदार किये, लेकिन आनंद एल राय की फिल्म "तनु वेड्स मनु" के पप्पी किरदार ने उन्हें अलग पहचान दी। जहाँ तनु वेड्स मनु ने कंगना रनौत को सफलता की पहली सीढ़ी दी, वहीं आर माधवन के दोस्त पप्पी का किरदार निभाने वाले दीपक डोबरियाल हीरो के किरदार पर हावी रहे। उनके किरदार की कॉमेडी टाइमिंग ने दर्शको को खूब लुभाया और उनका किरदार फिल्म में यादगार बन गया।
फिल्म इंडस्ट्री में तीन दशक से शाहरुख खान और सलमान खान का दबदबा रहा है। सलमान खान की फिल्मों में उनके किरदार का दबदबा हमेशा रहा है। उनके फैन उनकी हर चाल पर सीटी मारते दिखते आये हैं। 2014 में सलमान खान की फिल्म "किक" में सलमान खान के आलावा नवाजुद्दीन सिद्दीकी के विलेन किरदार शिव गजरा के लिए दर्शकों ने खुलकर सीटी मारी। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की खूंखार हंसी उनके किरदार की पहचान बन गई। पहली बार सलमान खान की फिल्म में किसी दूसरे अभिनेता को ऐसी वाह-वाही मिली। सलमान खान के साथ काम करने के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी 2017 में शाहरुख खान की फिल्म "रईस" में इंस्पेक्टर जयदीप अम्बालाल मजूमदार के किरदार में नजर आए। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी का शाहरुख खान से फेस ऑफ हुआ।