Vivek Oberoi: विवेक ओबेरॉय के साथ हुई धोखाधड़ी पर पुलिस का एक्शन, बिजनेस पार्टनर संजय साहा को किया गिरफ्तार
आखिरी बार फिल्म 'पीएम नरेंद्र मोदी' में नजर आए विवेक ओबेरॉय अब गिनी-चुनी फिल्मों में ही नजर आते हैं। ऐसे उनके फैंस को उनकी जिंदगी से जुड़ी हर खबर जानने में दिलचस्पी रहती है। आज अभिनेता जिस खबर को लेकर सुर्खियों में है वह उनके साथ हुई धोखाधड़ी है। दरअसल, विवेक ओबेरॉय ने अपने बिजनेस पार्टनर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विवेक ओबेरॉय ने अपने बिजनेस पार्टनर के खिलाफ 1.55 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। विवेक ओबेरॉय के शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उनके बिजनेस पार्टनर संजय साहा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत आनंदिता एंटरटेनमेंट एलएलपी के पार्टनर्स - संजय साहा, नंदिता साहा, राधिका नंदा और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई थी। बता दें, विवेक ने 2017 में ओबेरॉय ऑर्गेनिक्स नाम से एक कंपनी बनाई थी। यह बहुत सफल नहीं रही थी, इसलिए उन्होंने पहले तीन पार्टनर्स के साथ साझेदारी की थी। इसके बाद विवेक ओबेरॉय ने इस बिजनेस को खत्म करके, उसे आनंदिता एंटरटेनमेंट के नाम से एक इवेंट बिजनेस में तब्दील कर लिया था।
जुलाई में अभिनेता और उनकी पत्नी की ओर से उनके अकाउंटेंट देवेन बाफना ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि आरोपियों ने विवेक को मुनाफे का वादा करके एक इवेंट और फिल्म प्रोडक्शन फर्म में पैसा निवेश कराया था, लेकिन बाद में उस पैसे का इस्तेमाल गलत उद्देश्यों के लिए किया गया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि दोनों पक्षों ने जुलाई 2020 में सौदा किया था। एमआईडीसी पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, 'अकाउंट स्टेटमेंट्स के अनुसार दोनों पार्टनर्स द्वारा 58 लाख रुपये से ज्यादा की हेराफेरी की गई थी।' बाद में, धोखाधड़ी की जानकारी मिलने के बाद अभिनेता ने अपने पार्टनर्स से पूछताछ भी की थी।
विवेक ओबेरॉय की शिकायत के बाद, संजय साहा के साथ-साथ उनकी मां नंदिता और राधिका पर भी धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 409 (एक सार्वजनिक सेवक, बैंकर, व्यापारी या एजेंट द्वारा आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेक ओबेरॉय के वर्कफ्रंट की बात करें तो पिछले दिनों अभिनेता एक अनटाइटल्ड फिल्म के चलते सुर्खियों में थे, जिसका निर्देशन विशाल रंजन मिश्रा करेंगे। इसके अलावा वह जल्द ही पलक तिवारी के साथ फिल्म 'रोजी: द सैफरन चैप्टर' में नजर आएंगे। इसके अलावा वह रोहित शेट्टी की 'इंडियन पुलिस फोर्स' का भी हिस्सा हैं।