स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2 के बाद अब उत्तराखंड में इस फिल्म शूटिंग होने जा रही है। खूबसूरत वादियों में अजय देवगन, माधुरी दीक्षित, अनिल कपूर समेत कई बड़े स्टार शूटिंग के लिए पहुंचेंगे।
जल्द ही उत्तराखंड में हिंदी फिल्म टोटल धमाल की शूटिंग की जाएगी। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने फिल्म को शूटिंग के लिए अनुमति पत्र जारी कर दिया है। एक मई से 15 मई तक राज्य की तमाम लोकेशन्स पर फिल्म की शूटिंग आरंभ हो जाएगी।
परिषद के नोडल अधिकारी केएस चौहान ने बताया है कि यह फिल्म मारुति इंटरनेशल द्वारा तैयार की जा रही है, जिसके निर्माता इंद्र कुमार हैं। इंद्र कुमार ने फिल्म की शूटिंग के लिए राज्य सरकार से अनुमति मांगी थी, जिसके क्रम में फिल्म की शूटिंग की अनुमति जारी कर दी गई है।
इस फिल्म में मुख्य रूप से अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित जैसे नामी कलाकार अभिनय कर रहे हैं। इंद्र कुमार ने इससे पूर्व कई हिट फिल्मों का निर्माण किया है, जिसमें मोहब्बत, कसम, दिल, बेटा, राजा, मान, रिश्ते, मस्ती, प्यारे मोहन, धमाल, डैडी कूल, डबल धमाल, ग्रैंड मस्ती, सुपर नानी और ग्रेट ग्रैंड मस्ती आदि फिल्में प्रमुख हैं।
उत्तराखंड में हिन्दी फिल्म टोटल धमाल की शूटिंग जिम कार्बेट, सीताबनी वन क्षेत्रों के आसपास एवं ऋषिकेश में फूलचट्टी, नीलकंठ रोड के आस-पास प्रस्तावित है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने फिल्म नीति में संशोधन करते हुए राज्य में निर्माण होने वाली फिल्मों से शूटिंग शुल्क समाप्त कर दिया गया है। इससे आकर्षित होकर कई बड़े बैनर राज्य में फिल्मों की शूटिंग के लिए आ रहे हैं।