एक्टर इरफान खान ने ट्विटर पर अपनी 'दुर्लभ बीमारी' को लेकर एक बयान जारी किया है। 5 मार्च को उन्होंने बताया था कि वो एक खतरनाक बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके बाद सभी उनकी बीमारी के बारे में अंदाजा लगा रहे थे। शुक्रवार को ट्वीट कर इरफान ने बताया कि उन्हें 'न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर' है और इसका इलाज कराने के लिए वह विदेश जा रहे हैं। उनके इस खुलासे के बाद ही देश के अनुभवी डॉक्टरों ने भी इसके इलाज से जुड़ी बातें सामने रखी हैं और इरफान के इलाज के तरीके का पता चल पाया है।
श्रीगंगाराम अस्पताल की डॉक्टर सुमित्रा रावत ने कहा कि इस तरह की बीमारी का इलाज है। इस कंडीशन में ट्यूमर सक्सेसफुली निकाला जा सकता है। एचओडी, Surgical Gastroenterology और Liver Transplant की डॉक्टर ने एएनआई को बताया कि न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर में न्यूरेंडो सेल की अबनॉर्मल ग्रोथ होती है। यह कुछ तरह के बॉडीज में पाया जाता है। जब यह ग्रोथ होती है तब इस तरह के ट्यूमर के होने का खतरा होता है जो कि लंग्स, इंटेसटाइन, पेंक्रियाज और थायरॉयड के द्वारा सामने आता है। ट्यूमर किस तरफ है और इसका साइज क्या है इस बात का ध्यान रखना आवश्यक है।
डॉक्टर रावत ने आशा जताते हुए कहा कि एक्टर इरफान खान के जल्दी ठीक होने की उम्मीद जताई जा सकती है। डॉक्टर ने ये भी कहा कि इरफान खान का ट्यूमर निकाला जा सकता है, हम आशा करते हैं कि इरफान जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। डॉक्टर ने आगे कहा कि एक बार ट्यूमर सर्जरी के द्वारा बाहर निकाले जाने के बाद भी पेशेंट को हॉस्पिटल में समय-समय पर चेक-अप के लिए आते रहने की जरुरत है।
बॉलीवुड के मशहूर एक्टर इरफान खान ने बीते सोमवार को ट्विटर पर अपने एक गंभीर बीमारी की चपेट में आने की खबर दी थी। 51 वर्षीय अभिनेता ने ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि वह एक 'दुर्लभ बीमारी' से पीड़ित हैं। इरफान ने लिखा था कि हफ्तेभर में उनके पास इस बीमारी के संबंध में जांच रिपोर्ट आ जाएगी और उसके बाद ही वह जानकारी साझा करेंगे। इस खबर के फैलने के बाद फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स ने उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना शुरू कर दी थी।