वेब सीरीज 'तांडव' को लेकर हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजॉन प्राइम वीडियो पर ये सीरीज जनवरी माह में रिलीज हुई थी। उस वक्त इसके कुछ सीन्स को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई थी और इसे हटाने की मांग भी की थी। अब इसी मामले में अमेजॉन प्राइम वीडियो की नेशनल हेड अपर्णा पुरोहित मंगलवार की दोपहर लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में अपना बयान दर्ज कराने पहुंचीं।
2 of 5
तांडव फिल्म का पोस्टर
- फोटो : Facebook
इलाहाबाद हाईकोर्ट की सिंगल बेंच के जज दिनेश कुमार सिंह ने मामले में अपर्णा पुरोहित को हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। जज ने आदेश देते हुए कहा था कि, 'आपके खिलाफ दर्ज मुकदमे में जो भी विवेचना में साक्ष्य औए बयान मांगे जा रहे हैं। उसमें सहयोग करिये।' जिसके बाद अपर्णा पुरोहित अपना बयान दर्ज कराने हजरतगंज कोतवाली पहुंची थीं।
3 of 5
अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
वेब सीरीज 'तांडव' के मेकर्स पर 18 जनवरी को केस दर्ज हुआ था। सीरीज में दिखाये गए कुछ सीन्स को विवादित बताकर पूरे देश में विरोध हुआ था। कई हिंदू संगठनों ने जगह-जगह प्रदर्शन भी किया था। जिसके बाद लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर अमरनाथ वर्मा की तहरीर पर समाज में विद्वेष और अशांति फैलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अपर्णा पुरोहित के अलावा सीरीज के निर्देशक अली अब्बास जफर, निर्माता हिमांशु कृष्ण मेहर और लेखक गौरव सोलंकी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
4 of 5
तांडव
- फोटो : पंकज शुक्ल
इसके पहले वेब सीरीज 'तांडव' पर उठे विवाद के बाद एक्टर जीशान अयूब, अमेजन प्राइम वीडियो और शो के मेकर्स ने सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी से सुरक्षा की अपील की थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने ऐसी कोई राहत देने से इनकार कर दिया था। तो वहीं सुनवाई के दौरान अमेजॉन प्राइम वीडियो की ओर से कहा गया था कि, 'हमने कुछ भी गलत नहीं दिखाया है।'
5 of 5
सीरीज तांडव से हटाया गया दृश्य
- फोटो : Instagram
बता दें कि वेब सीरीज 'तांडव' में नारायण और भगवान शिव के रूप में एक्टर जीशान अयूब के बीच एक संवाद को दिखाया गया था, जिसमें नारायण ने भगवान शिव से कहा था कि सोशल मीडिया पर भगवान राम के फॉलोवर्स बढ़ते जा रहे हैं कुछ करिये प्रभु। इस पर शिव कहते हैं कि क्या करूं मैं तस्वीर बदल दूं क्या। इस सीन को देखने के बाद लोगों ने हिंदू देवी देवताओं का अपमान और लोगों की भावनाएं आहत होने की बात कही थी। जिसके बाद मेकर्स ने सीरीज से इन सीन को हटा दिया था। लेकिन फिर भी 7 राज्यों में सीरीज के मेकर्स के खिलाफ मामले दर्ज हुए थे।