Trailer Review: शेरशाह
लेखक: संदीप श्रीवास्तव
कलाकार: सिद्धार्थ मल्होत्रा, कियारा आडवाणी, शिव पंडित, निकितिन धीर, साहिल वैद, मीर सरवर, पवन चोपड़ा और शताफ फिगार
निर्देशक: विष्णु वर्धन
ओटीटी: प्राइम वीडियो
रेटिंग: **
फिल्म ‘शेरशाह’ का ट्रेलर देखकर नई सदी के नए भारत कुमार यानी अभिनेता अक्षय कुमार लिखते हैं, “परदे पर दिखने वाला नायक असल जिंदगी के नायक को भला और क्या श्रद्धांजलि दे सकता है, सिवाय इसके कि आपका बलिदान हमें जीवन भर प्रेरणा देता रहे।” इसके अलावा ये ट्रेलर देखकर उन्हें ये भी याद आता है कि उनका और कैप्टन विक्रम बत्रा का जन्मदिन एक है। यही फिल्म ‘शेरशाह’ के ट्रेलर का सबसे सच्चा रिव्यू है। ये ट्रेलर देखकर न तो आपके भीतर एक 24 साल के लड़के की शहादत का दुख जागता है, न ही दिल में एक हूक उठती है उस लड़की के लिए जो ताउम्र कुंवारी रहने की कसम ताव में खा जाती है। और, न ही आंखों की कोई कोर इस बात से नम होती है कि सरकारी स्कूल के प्रिसिंपल के एक बेटे ने फौज में भर्ती होने के लिए शाम को एमए की पढ़ाई की, सुबह में ट्रेवलिंग एजेंसी में नौकरी की और दिन में की सीडीएस इम्तिहान की तैयारी।
2 of 6
शेरशाह
- फोटो : फिल्म 'शेरशाह' का ट्रेलर ग्रैब
कम लोगों को ही पता होगा कि फौज में भर्ती होने से काफी पहले कैप्टन विक्रम बत्रा की हॉन्गकॉन्ग की मर्चैंट नेवी में लाखों की नौकरी लगी थी। लेकिन, हिमाचल के खून ने उसे फौज में जाने के लिए तैयार किया। परिवार का बड़ा बेटा आज भी जब फौज में जाने का मन बनाता तो माता पिता का कलेजा कितना ही मजबूत क्यों न हो लेकिन मुंह को आ ही जाता है। संदीप श्रीवास्तव की लिखी असली जीवन की कम से कम ट्रेलर में फिल्मी सी दिखने वाली कहानी पिक्चर में कैसी होगी, ये तो 12 अगस्त को ही सामने आएगा लेकिन फिल्म ‘शेरशाह’ के ट्रेलर में जो कुछ सामने आया है, वह फिल्म के निर्माता करण जौहर की ही बनाई ‘गुंजन सक्सेना’ की पहली झलक के करीब भी नहीं पहुंच पाया है।
3 of 6
शेरशाह
- फोटो : फिल्म 'शेरशाह' का ट्रेलर ग्रैब
फिल्म ‘शेरशाह’ का ट्रेलर देखकर इसकी जो सबसे कमजोर कड़ी समझ आती है, वह हैं कैप्टन बत्रा का किरदार निभा रहे इसके हीरो सिद्धार्थ मल्होत्रा। हर समय चेहरे पर शाहरुख खान जैसी मुस्कुराहट लाने के चक्कर में सिद्धार्थ अपनी असली पहचान खो चुके हैं। यूं लगता है कि तीन साल पहले जब से इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई, वह शाहरुख के टीवी सीरियल ‘फौजी’ के एपीसोड्स ही दिन रात देखते रहे। अपनी पहली फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ में सिद्धार्थ अपने साथी हीरो वरुण धवन पर भारी पड़े थे लेकिन सिद्धार्थ उसके बाद से खुद पर मेहनत नहीं कर रहे हैं। वह जहां अपनी पहली फिल्म के समय थे, अभिनय के लिहाज से 11 साल बाद भी वहीं खड़े हैं।
4 of 6
शेरशाह
- फोटो : फिल्म 'शेरशाह' का ट्रेलर ग्रैब
फिल्म ‘शेरशाह’ सिद्धार्थ के करियर की सबसे निर्णायक फिल्म है। जिस किरदार की शहादत पर वह फिल्म कर रहे हैं, उसकी शहादत की जगह पर जाकर हंसते हुए फिल्म की हीरोइन और निर्देशक के साथ केक काटने वाली उनकी तस्वीरें उनकी फिल्म को लेकर असली भावनाएं भी दिखाती हैं और ये वीडियो आने वाले दिनों में उनकी छवि को नुकसान भी पहुंचा सकता है। पूरे ट्रेलर का जो सबसे दमदार डॉयलॉग है, वह है, ‘हम शांति की रक्षा के लिए अपनी शक्ति का भी प्रदर्शन कर सकते हैं।’ और ये संवाद न संदीप श्रीवास्तव ने लिखा है और न ही सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बोला है। ये उस क्लिपिंग का संवाद है जो ट्रेलर में इस्तेमाल की गई है और इस क्लिपिंग में दिखते हैं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी। ये एक कवि का संवाद है।
5 of 6
शेरशाह
- फोटो : फिल्म 'शेरशाह' का ट्रेलर ग्रैब
आधा दर्जन निर्माताओं की टोली से दिल को छूने वाली फिल्में नहीं बनतीं। और, न ही आधा दर्जन गीतकार जुटाकर ऐसी किसी फिल्म के दिल को छू जाने वाले गीत ही बनते हैं। ऐसी फिल्में बनाने के लिए मनोज कुमार जैसा पागलपन चाहिए। दिन रात की लगन चाहिए और चाहिए दिल में एक ऐसा असर कि परदे पर जब कलाकार अपने किरदार के चोले में आए तो उसकी बोली हर लाइन सीधे दिल में उतर जाए। फिल्म ‘शेरशाह’ का ट्रेलर एक संवाद से शुरू होता है, ‘एक फौजी के रुतबे से बड़ा कोई और रुतबा नहीं होता। वर्दी की शान से बड़ी कोई और शान नहीं होती। और. अपने देश से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।’ जो अभिनेता ‘देश’ शब्द तक ठीक से न बोल पा रहा हो, उससे फिल्म में विक्रम बत्रा बनने की उम्मीद ही क्या की जा सकती है।