संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' का नाम बदलकर 'पद्मावत' करने के साथ ही इसके रिलीज होने की तारीख 25 जनवरी 2018 सामने आ गई है। फिल्म अब रिलीज के लिए तैयार है, लेकिन गोवा पुलिस को नई 'समस्या' हो गई है और उसने सरकार से फिल्म की रिलीज को टालने का निवेदन किया है।
लेकिन वहीं दूसरी तरफ गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पारिकर ने बुधवार को कहा है कि, अगर सेंसर बोर्ड ने फिल्म को पास कर दिया है तो हमें फिल्म की रिलीज से कोई परेशानी नहीं हैं अगर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की समस्या आती है तो इसका समाधान किया जाएगा।
वहीं गोवा पुलिस के अनुसार फिल्म रिलीज की डेट के वक्त टूरिस्ट सीजन अपने चरम पर होगा, जिससे सुरक्षा इंतजामों में व्यस्तता अधिक रहेगी। आपको बता दें कि हाल ही में सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव के साथ 'पद्मावत' को हरी झंडी दे दी थी।
पहले ये फिल्म 'पद्मावती' 1 दिसंबर, 2017 को रिलीज होनी थी। लेकिन फिल्म को लेकर देशभर में हुए विरोध के बाद रिलीज डेट को टाल दिया गया था। सेंसर बोर्ड के कहने पर इसका नया नाम 'पद्मावत' तय किया गया है। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण पद्मावती की भूमिका में जबकि रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी और शाहिद राज रतन सिंह रावल के किरदार में नजर आएंगे।