फिल्म रेस 2 के बाद से एक सुपरहिट फिल्म की तलाश में अपने किरदारों के साथ लगातार प्रयोग कर रहे पटौदी के नवाब सैफ अली खान के लिए साल 2020 निर्णायक साबित होने वाला है। साल की शुरूआत वह 10 जनवरी को निर्माता अभिनेता अजय देवगन की फिल्म तानाजी द अनसंग वॉरियर के साथ करने जा रहे है और अब जनवरी महीने में ही उनकी एक और फिल्म भी रिलीज होने जा रही है। फिल्म का पहला पोस्टर सोमवार को रिलीज कर दिया गया।
2 of 5
Rani Mukherji and Saif Ali Khan
- फोटो : amar ujala, mumbai
नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज सेक्रेड गेम्स करने के बाद से सैफ अली खान का बड़े परदे पर करियर डांवाडोल ही रहा है। इस सीरीज के आसपास रिलीज हुई उनकी फिल्में कालाकांडी, बाजार और लाल कप्तान सुपरफ्लॉप रही हैं। उससे पहले भी सैफअली खान की आखिरी सोलो हिट फिल्म रेस 2 साल 2013 में रिलीज हुई थी। सैफ अली खान को अभिनय में योगदान के लिए भारत सरकार से पद्मश्री मिल चुका है और फिल्म हम तुम के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीत चुके हैं।
3 of 5
Saif Ali Khan
- फोटो : social media
फिल्म लाल कप्तान के फ्लॉप होने के बाद सैफ अली खान ने यशराज फिल्म्स में वापसी की है। इसी प्रोडक्शन हाउस की फिल्म परंपरा से सैफ ने साल 1993 में अपना फिल्मी करियर शुरू किया था। अब वह यशराज फिल्म्स की अगली फिल्म बंटी और बबली 2 में रानी मुखर्जी, सिद्धांत चतुर्वेदी और शरवरी के साथ दिखेंगे। इसके अलावा सैफ के पास अजय देवगन की तानाजी और मुकेश छाबड़ा की फिल्म दिल बेचारा भी हैं। तमिल की हिट फिल्म विक्रमवेधा के हिंदी रीमेक में भी उनके आमिर खान के साथ काम करने की चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन आमिर ने इस फिल्म को शुरू करने के अभी कोई पक्के संकेत नहीं दिए हैं।
4 of 5
Jawaani Jaaneman
- फोटो : Twitter
इस बीच सोमवार को सैफ अली खान की नई सोलो फिल्म जवानी जानेमन का पोस्टर रिलीज हुआ है। इस पोस्टर में बेडरूम का एक दृश्य है जिसमें एक शख्स हाथ में बीयर की बोतल लिए औंधे मुंह लेटा है। बिस्तर के दूसरी तरफ दो युवतियां आंशिक रूप से नजर आ रही है। फिल्म में सैफ अली खान के साथ मशहूर अभिनेता कबीर बेदी की नातिन व अभिनेत्री पूजा बेदी की बेटी आलिया फर्नीचरवाला डेब्यू करने जा रही हैं। ये फिल्म पहले अगले साल 7 फरवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिल्म के पहले पोस्टर के साथ ही ये जानकारी भी सामने आई है कि अब ये फिल्म 31 जनवरी को रिलीज होगी।
5 of 5
saif ali khan
- फोटो : social media
31 जनवरी को ही राजकुमार राव की फिल्म छलांग रिलीज होने जा रही है, जिसका पहले नाम तुर्रम खां रखा गया था। 31 जनवरी को रिलीज के लिए प्रस्तावित अन्य फिल्मों में हिमेश रेशमिया की फिल्म हैपी हार्डी एंड हीर, गुल मकई, हैक्ड और यहां सब ज्ञानी हैं के नाम भी शामिल हैं। फिल्म जवानी जानेमन में सैफ और आलिया के अलावा तब्बू भी एक अहम किरदार में दिखाई देंगी।