कास्टिंग काउच के मुद्दे को लेकर सड़क पर विरोध करने उतरी एक्ट्रेस श्री रेड्डी को फिल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा का साथ मिल गया है। राम गोपाल वर्मा ने कहा, बिल्कुल, अगर उनके लिए कोई उपयुक्त किरदार मिलता है तो मैं उनके साथ जरूर काम करूंगा।
राम गोपाल वर्मा ने श्री रेड्डी के समर्थन में बोलते हुए कहा कि रेड्डी के विरोध ने अपना असर छोड़ा है और अगर जरुरत हुई तो मैं अपनी फिल्म में उन्हें जरूर रोल दूंगा।
आपको बता दें कि हाल ही में राम गोपाल वर्मा ने कहा था कि रेड्डी ने उनके ही कहने पर यौन शोषण पर आवाज उठाने और पवन कल्याण को गाली देने को कहा था। इससे पहले रामगोपाल ने श्री रेड्डी का समर्थन करते हुए उनकी तुलना रानी लक्ष्मीबाई से की थी। उन्होंने रेड्डी को सम्राट अशोक जितना महान बताया था।
इस बीच खबर आ रही है कि फिल्मकार राम गोपाल वर्मा को अपनी फिल्म 'ऑफिसर' की रिलीज में आंध्र प्रदेश के फिल्म संघों द्वारा रुकावट पैदा करने का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि वर्मा ने फिल्म के बहिष्कार की सभी आशंकाओं को खारिज किया है।
आपको बता दें कि तेलुगू फिल्म उद्योग में मौजूद कास्टिंग काउच के विरोध में श्री रेड्डी ने इस महीने की शुरुआत में तेलुगू फिल्म चैम्बर ऑफ कॉमर्स के कार्यालय के सामने टॉपलेस होकर सनसनी मचा दी थी। रेड्डी के इस एक्शन पर राम गोपाल वर्मा ने ट्वीट कर आपत्तीजनक टिप्पणी की थी।