अभिषेक बच्चन दो साल बाद अनुराग कश्यप की फिल्म 'मनमर्जियां' से वापसी करने जा रहे हैं। इस फिल्म में अभिषेक एक सरदार का रोल निभाते नजर आएंगे। हाल ही में अभिषेक ने फिल्म की शूटिंग खत्म की हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रियंका चोपड़ा भी 2 साल बाद बॉलीवुड से बॉलीवुड में वापसी कर रही हैं।
प्रियंका चोपड़ा, सलमान खान के साथ अली अब्बास जफर की फिल्म 'भारत' में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा अभिषेक बच्चन के साथ भी नजर आ सकती हैं। मुबंई मिरर की खबर के मुताबिक सोनाली बोस की फिल्म के लिए इन दो एक्टर्स के नाम पर चर्चा की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ खबर है कि प्रियंका और अभिषेक दोनो फिल्म की स्क्रिप्ट पसंद कर रहे हैं।
खैर अगर आप सोच रहे हैं कि अभिषेक बच्चन और प्रियंका चोपड़ा दोस्ताना 2 के लिए साथ आ रहे हैं तो ऐसा बल्कुल भी नहीं है। जहां तक इस फिल्म की बात है, तो यह फिल्म आयशा चौधरी की लाइफ की कहानी होगी। आयशा गुरुग्राम की रहने वाली मोटिवेशनल स्पीकर थीं जिनका 2015 में निधन हो गया था।
आयशा को इम्यून डेफिसिएंसी डिसऑर्डर की समस्या थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जाने माने टॉक शोज में व्याख्यान दिए। मुंबई मिरर की खबर की मानें तो प्रियंका चोपड़ा और अभिषेक बच्चन इस फिल्म में आयशा के माता-पिता का किरदार निभाएंगे।
सूत्रों की मानें तो सोनाली बोस मनमर्जियां के सेट पर अभिषेक से मिली थीं और अपना आइडिया शेयर किया। सोनाली जल्द ही स्क्रिप्ट फाइनल कर अभिषेक को सुनाएंगी। उम्मीद है फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत कर शुरू हो जाएगी। आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा और अभिषेक बच्चन को साल 2008 में आई फिल्म 'दोस्ताना' में साथ देखा गया था।