अभिनेता कार्तिक आर्यन की फिल्म 'भूल भुलैया 2' बड़े पर्दे पर रिलीज हो चुकी है। यह एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है, जो 2007 में आई फिल्म 'भूल भुलैया' का ही दूसरा पार्ट है। यह हॉरर कॉमेडी फिल्म आपको हंसाएगी, गुदगुदाएगी, लेकिन साथ ही डराएगी भी। वैसे भी हॉरर कॉमेडी फिल्म देखने का यही तो रोमांच है। स्क्रीन पर चलते डरावने दृश्य, आपका डर और उसके बीच कॉमेडी का तड़का। कुल मिलाकर दर्शक के लिए यह एक कंपलीट डोज कही जा सकती है। वैसे 'भूल भुलैया 2' देखने के बाद अगर आपका और कुछ हॉरर कॉमेडी फिल्म देखने का मन करे तो आप ओटीटी प्लेटफॉर्म का सहारा ले सकते हैं। यहां एक से बढ़कर एक हॉरर कॉमेडी फिल्म उपलब्ध हैं। जानते हैं ऐसी कुछ अच्छी हॉरर-कॉमेडी फिल्मों के बारे में.....
Horror Comedy Films on OTT: कार्तिक की 'भूल भुलैया 2' से कम हॉरर कॉमेडी नहीं हैं ये फिल्में, आज ही करें बिंज वॉच
'भूल भुलैया' (2007)
अगर आपने 'भूल भुलैया' अभी तक नहीं देखी है और इस वीकेंड 'भूल भुलैया 2' देखने की योजना बना रहे हैं तो बेहतर होगा आप एक बार 'भूल भुलैया' जरूर देख लें। अक्षय कुमार अभिनीत यह फिल्म काफी शानदार है। इस फिल्म में विद्या बालन ने मंजुलिका का किरदार निभाया है। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। इस फिल्म में जहां भरपूर कॉमेडी है, वहीं रोंगटे खड़े कर देने वाले दृश्य भी हैं। अमेजन प्राइम पर इस फिल्म को आप देख सकते हैं।
'भूतनाथ' (2008)
यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म 2008 में रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन विवेक शर्मा ने किया और लिखा भी उन्होंने ही। फिल्म में अमिताभ बच्चन, जूही चावला, अमन सिद्धिकी, प्रियांशु चटर्जी और राजपाल यादव जैसे सितारे हैं। फिल्म में शाहरुख खान का भी कैमियो रोल है। यह फिल्म ऑस्कर वाइल्ड की शॉर्ट स्टोरी 'द कैंटरविले घोस्ट' पर आधारित है। वर्ष 2014 में इस फिल्म का सीक्वल 'भूतनाथ रिटर्न्स' भी आ चुका है, जिसकी शुरुआत 'भूतलैंड' में होती है। अगर छुट्टी के दिन बच्चों के साथ कोई फिल्म देखने का मन है तो यह फिल्म सबसे उम्दा विकल्प होगी। बच्चों का भी मनोरंजन होगा और आपका भी। फिल्म के दोनों पार्ट आप अमेजन प्राइम पर देख सकते हैं। हालांकि 'भूतनाथ' एमएक्स प्लेयर पर भी उपलब्ध है।
'हम तुम और घोस्ट' (2010)
यह फिल्म वर्ष 2010 में आई थी। फिल्म में अरशद वारसी और दिया मिर्जा मुख्य भूमिका में हैं। बोमन ईरानी ने भी इसमें अपने अभिनय से चार चांद लगाए हैं। अरशद वारसी फिल्म में अरमान की भूमिका में है, जिसे अलग-अलग तरह की आवाजें सुनाई देती हैं। ऐसी आवाजें, जिसमें अरमान को कोई टॉर्चर कर रहा होता है या परेशान कर रहा होता है। वह आवाजें और किसी को नहीं सुनाई देती हैं। यह फिल्म काफी मजेदार लगेगी। आप इस फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो और वूट पर देख सकते हैं।
'गो गोवा गॉन' (2013)
इस हॉरर कॉमेडी फिल्म को आलोचकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। इसमें सैफ अली खान, कुणाल खेमू, पूजा गुप्ता, वीर दास और आनंद तिवारी जैसे कलाकार हैं। यह फिल्म तीन दोस्तों की कहानी पर आधारित है, जो पार्टी करने के लिए एक द्वीप पर जाते हैं। यहां जॉम्बी उनके पीछे पड़ जाते हैं। इस फिल्म के कॉमेडी डायलॉग और सितारों की एक्टिंग देखने लायक है। यह फिल्म काफी मजेदार है। इसे आप जी5 और प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।